पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से की मुलाकात, कानून-व्यवस्था पर हुई चर्चा

Prabhasakshi Image

पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। इस बैठक में राज्य के विकास, कानून-व्यवस्था और मादक पदार्थों की समस्या पर विस्तृत चर्चा हुई। ढिल्लों ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार की नीतियों की आलोचना भी की।

चंडीगढ़, 27 जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने सोमवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की और कहा कि उन्होंने राज्य के विकास एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। ढिल्लों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को फोन पर बताया, ‘‘प्रधानमंत्री के साथ 35 मिनट की उनकी मुलाकात के दौरान हमने राज्य में कानून-व्यवस्था संबंधी मुद्दे, मादक पदाथों की समस्या और आपराधिक गिरोह जैसे विषयों पर विचार विमर्श किया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने मुझसे कहा कि उन्हें जब भी बुलाया जाएगा, वह पंजाब जाएंगे।’’ ढिल्लों ने जून में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का पदभार संभाला था। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री मोदी से मिलने का मौका मिला।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने लिखा, ‘‘इस मौके पर हमने पंजाब के समग्र विकास, राज्य के लोगों के कल्याण, पंजाब की रीढ़ समझे जाने वाले किसानों और मजदूरों की भलाई, उद्योगों के विस्तार, पंजाब को फिर से एक प्रमुख औद्योगिक केंद्र बनाने के लिए नया निवेश आकर्षित करने, युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करने और राज्य के उज्ज्वल भविष्य को सुनिश्चित करने पर विस्तार से सार्थक चर्चा की।’’ उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री का दूरदर्शी नेतृत्व और पंजाब के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता वाकई प्रेरणादायक है तथा इससे राज्य की तरक्की को एक नई दिशा मिलेगी।’’ ढिल्लों ने कहा कि भाजपा पंजाब के विकास और वहां के लोगों की सेवा के लिए पूरी लगन एवं ईमानदारी से काम करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मोदी ने 17 जुलाई को जालंधर दौरे के दौरान 5,470 करोड़ रुपये की रेल और सड़क अवसंरचना परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया था, जिनमें 75 नए सिरे से विकसित किए गए रेलवे स्टेशन भी शामिल हैं। प्रधानमंत्री ने तब कानून व्यवस्था, कर्ज एवं भ्रष्टाचार को लेकर पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर भी निशाना साधा था।

ढिल्लों ने यह भी आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार की दिशाहीन नीतियों के कारण पंजाब आर्थिक और प्रशासनिक रूप से लगातार पिछड़ता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया, “किसान और मजदूर, जो राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, बहुत मुश्किल दौर से गुज़र रहे हैं, जबकि आप सरकार झूठे दावों और प्रचार तक ही सीमित है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़