Mansa में नशा विरोधी कार्यकर्ता की हत्या के बाद SHO Beant Kaur निलंबित

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

पंजाब के मानसा में सामाजिक कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की मेडिकल स्टोर में गोली मारकर हत्या के बाद पुलिस प्रशासन ने सिटी-2 थाना प्रभारी को सस्पेंड कर दिया है। परिजनों ने पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई होने तक शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया था। इस हत्याकांड के विरोध में गुरुवार को विभिन्न संगठनों के समर्थन से पंजाब बंद का आह्वान भी किया गया है।

पंजाब के मानसा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले सामाजिक कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की एक मेडिकल स्टोर के मालिक द्वारा हत्या किए जाने के दो दिन बाद प्राधिकारियों ने शहर के सिटी-2 थाने की प्रभारी बेअंत कौर को बृहस्पतिवार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। मानसा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) वैभव चौधरी ने थाना प्रभारी बेअंत कौर के निलंबन का आदेश जारी किया। झोटा के परिजन बेअंत कौर समेत कुछ पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे।

परिवार का कहना है कि वे झोटा का अंतिम संस्कार तब तक नहीं करेंगे, जब तक उन्हें न्याय नहीं मिल जाता। झोटा नशे के खिलाफ आवाज उठाने और दवा की दुकानों पर नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री का विरोध करने के लिए जाने जाते थे। उनकी मंगलवार को मानसा के एक व्यस्त बाजार में स्थित मेडिकल स्टोर के अंदर दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

झोटा ने एक बुजुर्ग व्यक्ति को नशीली दवाएं बेचने को लेकर मेडिकल स्टोर के मालिक अश्वनी कुमार से सवाल किया था जिसके बाद उसने झोटा पर गोली चला दी। यह घटना उस समय हुई, जब झोटा फेसबुक पर सीधा प्रसारण कर रहे थे। अश्वनी को राजस्थान के सालासर से हिरासत में लिया गया।

झोटा की हत्या के बाद पंजाब में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया। राज्य में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हत्या में शामिल लोगों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का संकल्प जताया।

वहीं, विपक्षी नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य में ‘‘जंगलराज’’ है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। झोटा के पिता एवं पूर्व सैन्यकर्मी भीम सिंह ने बृहस्पतिवार को पंजाब बंद का आह्वान किया है। कांग्रेस, अकाली दल, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), अकाली दल वारिस पंजाब दे, संयुक्त किसान मोर्चा और राज्य सरकार के कर्मचारी संगठनों ने बंद का समर्थन किया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़