कृषि कानूनों के विरोध में तीन से पांच अक्टूबर तक पंजाब और हरियाणा में ट्रैक्टर रैली करेंगे राहुल गांधी

Rahul Gandhi

हरियाणा कांग्रेस के सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी पांच अक्टूबर को कैथल और कुरुक्षेत्र जिले के पीपली में रैलियों को संबोधित कर सकते हैं। इसके बाद वह दिल्ली लौट जाएंगे।

चंडीगढ़। कांग्रेस नेता राहुल गांधी केंद्र के नए कृषि कानूनों के खिलाफ तीन से पांच अक्टूबर तक पंजाब और हरियाणा में ट्रैक्टर रैलियां करेंगे। यह जानकारी पार्टी के सूत्रों ने दी। इसने कहा कि किसान विरोधी कानूनों के खिलाफ आवाज उठाने के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह, कांग्रेस महासचिव एवं पार्टी के पंजाब मामलों के प्रभारी हरीश रावत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़, राज्य के सभी मंत्री एवं कांग्रेस विधायक प्रदर्शनों में शामिल होंगे। पंजाब कांग्रेस के प्रवक्ता के अनुसार ट्रैक्टर रैलियों को किसान संगठनों का समर्थन मिलने की उम्मीद है। 

इसे भी पढ़ें: राहुल ने साधा UP सरकार पर निशाना, कहा- भाजपा का नारा ‘बेटी बचाओ’ नहीं, ‘तथ्य छुपाओ, सत्ता बचाओ’ है

रैलियों में तीन दिन में 50 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय की जाएगी। प्रवक्ता ने कहा कि रैलियां तीनों दिन हर रोज पूर्वाह्न लगभग 11 बजे शुरू होंगी। इनका आयोजन कोविड-19 संबंधी प्रोटोकॉल का पालन करते हुए किया जाएगा। तीन अक्टूबर को रैली बढ़नी कलां (निहाल सिंह वाला, मोगा) में एक जनसभा के साथ शुरू होगी और 22 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। चार अक्टूबर को राहुल गांधी एक जनसभा के लिए कार से भवानीगढ़ पहुंचेंगे। 

इसे भी पढ़ें: हाथरस जा रहे राहुल गांधी से UP पुलिस ने की धक्का-मुक्की, बाद में प्रियंका समेत हिरासत में लिया

इसके बाद वह समाना, पटियाला के लिए ट्रैक्टर पर सवार होंगे। प्रवक्ता ने बताया कि पांच अक्टूबर को धुदन साधन (पटियाला) से रैली एक जनसभा के साथ शुरू होगी और पिहोवा बॉर्डर तक ट्रैक्टर से 10 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे, जहां से राहुल गांधी हरियाणा में प्रवेश करेंगे। हरियाणा कांग्रेस के सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी पांच अक्टूबर को कैथल और कुरुक्षेत्र जिले के पीपली में रैलियों को संबोधित कर सकते हैं। इसके बाद वह दिल्ली लौट जाएंगे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़