कांग्रेस ने लोकसभा चुनावों के लिए कसी कमर, कई महत्वपूर्ण नियुक्तियां कीं

rahul-gandhi-makes-key-changes-in-congress
[email protected] । Jan 24 2019 11:27AM

पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी बयान के मुतबिक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने डॉक्टर संजय चौधरी, हरिपाल रावत, शशांक शुक्ला और गोकुल बुटैल को संयुक सचिव नियुक्त किया है।

कांग्रेस ने बुधवार देर शाम चार नए संयुक्त सचिवों की नियुक्ति की जिनमें से दो असम के प्रभारी महासचिव हरीश रावत के साथ समन्वय तथा दो पार्टी के डेटा विश्लेषण विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी बयान के मुतबिक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने डॉक्टर संजय चौधरी, हरिपाल रावत, शशांक शुक्ला और गोकुल बुटैल को संयुक सचिव नियुक्त किया है। चौधरी और हरिपाल रावत पार्टी के महासचिव एवं असम प्रभारी हरीश रावत के साथ सहयोग और समन्वय का काम करेंगे तो शुक्ला और बुटैल पार्टी के डेटा विश्लेषण विभाग में जिम्मेदारी संभालेंगे।

इसे भी पढ़ें- कांग्रेस के सियासी फलक पर उतरीं प्रियंका गांधी वाड्रा

इनके अलावा ट्रांसजेंडर कार्यकर्ता अप्सरा रेड्डी को अखिल भारतीय महिला कांग्रेस का महासचिव नियुक्त किया गया है। महिला कांग्रेस में सात सचिव और एक राष्ट्रीय समन्वयक भी नियुक्त की गई है। जेनब चंदेल को हिमाचल प्रदेश महिला कांग्रेस और पी रमणी कुमारी को आंध्र प्रदेश महिला कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया है। इसके साथ ही नरदेव कवंर को हिमाचल प्रदेश फिशरमैन कांग्रेस का अध्यक्ष तथा रोशन जोसेफ को गुरुदासपुर जिला कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

दूसरी ओर, कांग्रेस ने बुधवार रात महाराष्ट्र के लिए समन्वय समिति, चुनाव प्रचार समिति और घोषणा पत्र समिति सहित कुल छह प्रमुख समितियों का गठन किया जिनमें राज्य से जुड़े पार्टी के तकरीबन सभी वरिष्ठ नेताओं को जगह दी गयी है। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी बयान के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने इन समितियों के गठन को स्वीकृति प्रदान की। कांग्रेस के महाराष्ट्र प्रभारी मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में समन्वय समिति बनाई गई है जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण, पृथ्वीराज चव्हाण और सुशील कुमार शिंदे सहित कुल 29 सदस्य हैं। इसके साथ ही महाराष्ट्र से संबंधित कांग्रेस के सभी सचिव और राज्य इकाई के सभी अनुषांगिक संगठनों के अध्यक्ष भी समिति का हिस्सा होंगे।

इसे भी पढ़ें- आंध्र प्रदेश में अपने दम पर विधानसभा और लोकसभा दोनों का चुनाव लड़ेगी कांग्रेस

राज्य के लिए प्रदेश चुनाव समिति बनाई गई है जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण, कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव मुकुल वासनिक और अविनाश पांडे सहित 31 सदस्य शामिल हैं। कुछ नेताओं को आमंत्रित सदस्य के तौर पर स्थान दिया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री सुशील कुमार शिंदे की अध्यक्षता में 64 सदस्यीय चुनाव प्रचार समिति बनाई गई है। इसमें भी राज्य से संबंधित तकरीबन सभी वरिष्ठ नेता शामिल हैं। महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रत्नाकर महाजन के नेतृत्व में प्रचार एवं प्रकाशन समिति बनाई गई है जिसमें कुल 25 लोग शामिल हैं। पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी इसके सह-अध्यक्ष हैं।

वरिष्ठ पत्रकार और राज्यसभा सदस्य कुमार केतकर की अध्यक्षता में मीडिया एवं संचार समिति बनाई गई है। इसमें 20 सदस्य शामिल हैं। पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण की अगुवाई में 30 सदस्यीय घोषणा पत्र समिति का गठन किया गया है। इनके अलावा पांच सदस्यीय चुनाव प्रबंधन टीम और पांच सदस्यीय उप समिति भी बनाई गई है। राज्य में इस साल लोकसभा चुनाव के अलावा विधानसभा चुनाव भी हैं।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़