महाराष्ट्र में बारिश की स्थिति नियंत्रण में, बांधों से पानी छोड़ने को लेकर अन्य राज्यों से समन्वय : फडणवीस

Fadnavis
ANI

फडणवीस ने कहा कि पहले पंचनामा (नुकसान का मौके पर निरीक्षण) किया जाना चाहिए, उसके बाद ही मदद की घोषणा की जा सकती है। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हमने नुकसान का आकलन करने के निर्देश पहले ही जारी कर दिए हैं।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को कहा कि भारी बारिश से बेहाल मुंबई और राज्य के अन्य हिस्सों में स्थिति अब नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक राजधानी में एक दिन पहले हुई मूसलाधार बारिश से अबराहत मिली है।

फडणवीस ने कहा कि राज्य में भारी बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) के जवानों को तैनात करके आपदा प्रबंधन के संबंध में सभी आवश्यक सावधानियां बरती जा रही हैं।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘बांधों से पानी छोड़े जाने का प्रबंधन किया जा रहा है। सरकार हमारे अनुरोध के अनुसार पानी छोड़े जाने के मद्देनजर पड़ोसी राज्यों से समन्वय कर रही है।’’

मुंबई और उपनगरीय क्षेत्र में मंगलवार को मूसलाधार बारिश की वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था। निचले इलाके जलमग्न होने की वजह से उपनगरीय रेल सेवाएं बाधित हो गई थीं।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मुंबई और महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में बारिश की स्थिति कुल मिलाकर काफी हद तक नियंत्रण में है, हालांकि कुछ क्षेत्रों में अब भी भारी बारिश हो रही है।’’ फडणवीस ने दोहराया कि 14 लाख हेक्टेयर में फसलें नष्ट हो गई हैं। उन्होंने उचित आकलन के बाद प्रभावित किसानों को सरकारी सहायता का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने रेखांकित किया कि पिछले चार दिनों में हुई बारिश के आधार पर किसानों के लिये किसी भी प्रकार की सहायता की घोषणा नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि पिछले हफ़्ते और पिछले चार दिनों में लगातार भारी बारिश हुई है। एनडीआरएफ अधिनियम के तहत निर्धारित तरीके और मानदंड हैं।

फडणवीस ने कहा कि पहले पंचनामा (नुकसान का मौके पर निरीक्षण) किया जाना चाहिए, उसके बाद ही मदद की घोषणा की जा सकती है। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हमने नुकसान का आकलन करने के निर्देश पहले ही जारी कर दिए हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़