Rajasthan Police ने 10 करोड़ रुपये की चोरी करने वाले 5 आरोपियों को भीलवाड़ा से पकड़ा

राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में पुलिस ने 18 चक्के वाले ट्रेलर का उपयोग कर सेंधमारी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह पिछले दो वर्षों के दौरान राज्य के कई जिलों में 100 से अधिक चोरी की वारदातों को अंजाम देकर 10 करोड़ रुपये से अधिक का सामान चुरा चुका था। खींवसर में हुई चोरी की जांच के बाद पुलिस ने 650 किलोमीटर तक पीछा करके गिरोह के सदस्यों को पकड़ा।
राजस्थान पुलिस ने राजस्थान एवं मध्यप्रदेश में नकबजनी (सेंधमारी) और चोरी की 100 से अधिक वारदातों को अंजाम देने वाली अंतरराज्यीय गैंग का पर्दाफाश करने का दावा किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार भीलवाड़ा जिले के जहाजपुर से पांच आरोपियों को 18 चक्के के ‘ट्रेलर’ (एक प्रकार का मालवाहक वाहन) के साथ गिरफ्तार किया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशा राम चौधरी चौधरी ने बताया कि चित्तौड़गढ़ जिले का यह गिरोह पांच साल से सक्रिय था और दो साल में राजस्थान के नागौर, जोधपुर, बाड़मेर, फलौदी, डीडवाना-कुचामन, बीकानेर एवं जयपुर में 100 से अधिक चोरियां कर चुका है। चौधरी ने कहा कि इस गिरोह ने अब तक 10 करोड़ रुपये से अधिक के जेवरात एवं नकदी की चोरी की है। उन्होंने बताया कि गिरोह चोरी के लिए 18 चक्के का ट्रेलर लेकर निकलता था तथा गांव के बाहर ट्रेलर खड़ा कर पांच में एक सदस्य उसी वाहन में रूक जाता था, एक सदस्य पहरेदारी करता था तथा तीन सदस्य घरों के ताले, खिड़की तोड़कर एवं सेंधमारी कर चोरी करते थे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के अनुसार गैंग का कोई भी सदस्य चोरी के वक्त मोबाइल साथ नहीं रखता था क्योंकि वे सीसीटीवी और पुलिस की तकनीकी जांच प्रणाली से पूरी तरह वाकिफ थे। उन्होंने कहा कि चोरी के बाद रास्ते में खड़ी मोटरसाइकिल चुराकर वे भागते और 10 किलोमीटर दूर उसे छोड़कर वापस ट्रेलर में बैठकर फरार हो जाते थे। उन्होंने बताया कि छह अगस्त को खींवसर के बिरलोका में हुई 8.30 लाख रुपये की चोरी करने के बाद पुलिस ने 400 सीसीटीवी फुटेज और 18 टोल प्लाजा खंगाले।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस ने चित्तौड़गढ़ से निकले इस ट्रेलर का पीछा किया तथा 13 अगस्त की रात रोल थाना क्षेत्र में पुलिस को देखते ही आरोपी जयपुर की तरफ भागे जिस पर पुलिस टीम ने 650 किलोमीटर तक पीछा करते हुए 14 अगस्त को जहाजपुर भीलवाड़ा में पूरे गिरोह को दबोच लिया। चौधरी ने बताया कि पुलिस ने गिरोह के सदस्यों-- शैतान (22), राजेन्द्र (26), राजू (42), रतनलाल कंजर (22) और नानू कंजर (22) दो गिरफ्तार किया है।
अन्य न्यूज़














