Rajasthan Weather: राज्य में बारिश का दौर जारी, 19 सितंबर से मानसून की विदाई के आसार

राजस्थान में नए मौसम तंत्र के प्रभाव से कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है, जिसमें सबसे ज्यादा 88 मिमी वर्षा उदयपुर के कोटड़ा में हुई। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी राजस्थान में अगले तीन-चार दिन बारिश जारी रहेगी, जबकि पश्चिमी राजस्थान से 19 सितंबर से मानसून विदा हो सकता है।
एक नए मौसम तंत्र के असर से बीते चौबीस घंटे में राजस्थान में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हुई और मौसम विभाग के अनुसार राज्य में यह सिलसिला अभी जारी रहने का अनुमान है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, कम दबाव का क्षेत्र आज दक्षिण पश्चिम राजस्थान और आसपास के कच्छ क्षेत्र के ऊपर बना हुआ है। पिछले 24 घंटों में उदयपुर, कोटा, जोधपुर, अजमेर संभाग में हल्की मध्यम बारिश दर्ज की गई है।
सर्वाधिक 88 मिलीमीटर बारिश उदयपुर के कोटड़ा में हुई। मौसम केंद्र के अनुसार, आज 15 सितंबर को उदयपुर, अजमेर, कोटा, जयपुर, जोधपुर संभाग के कुछ भागों में हल्की मध्यम बारिश होने की पूरी संभावना है। वहीं 16-17 सितंबर को उत्तर पश्चिम भारत के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ व मानसून के संयुक्त प्रभाव से बीकानेर संभाग के गंगानगर, हनुमानगढ़, चुरु जिलों व शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे के रफ्तार से तेज हवाएं चलने व हल्की-मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है।
पूर्वी राजस्थान के जयपुर, उदयपुर, अजमेर, कोटा, भरतपुर संभाग कुछ भागों में हल्की मध्यम बारिश की गतिविधियां आगामी 3-4 दिन जारी रहेंगी। पश्चिमी राजस्थान के कुछ भागों से 19 सितंबर से बारिश की गतिविधियों में कमी होने तथा मानसून की विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल होने की संभावना है।
अन्य न्यूज़













