राजनाथ ने अरुणाचल में भूस्खलन, बाढ़ के हालात की समीक्षा की

केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने आज अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ के हालात की समीक्षा की जहां भूस्खलन में 14 लोग मारे जा चुके हैं। सिंह ने सीमावर्ती शहर तवांग में भूस्खलन के बाद और चांगलांग एवं कुछ अन्य जिलों में बाढ़ के बाद मुख्यमंत्री कलिखो पुल से बात की और हालात का जायजा लिया। सिंह ने उफान भर रही नोआ देहिंग नदी के चलते बने बाढ़ के हालात से निपटने के लिए अरुणाचल प्रदेश को पूर्ण केंद्रीय सहायता देने का आश्वासन दिया है।
आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि गृह मंत्री ने राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के महानिदेशक ओपी सिंह से चीन की सीमा से लगे तवांग के भूस्खलन प्रभावित फामला गांव में बचाव दलों को पहुंचाने को कहा। तवांग में अभी तक 14 शव निकाले जा चुके हैं और भूस्खलन वाली जगह से एक घायल व्यक्ति को भी निकाला गया है। दो और लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। घटना तड़के करीब 3:30 बजे घटी जहां चीन की सीमा से लगे तवांग से करीब चार किलोमीटर दूर थामला में शिविर में 17 मजदूर थे। पिछले कुछ दिन से हो रही लगातार बारिश से राजधानी इटानगर समेत राज्य के कई जिलों में बाढ़ के हालात बन गये हैं।
अन्य न्यूज़