Ranbir Kapoor और Yash की Ramayana ने पहले वीकेंड में कमाए 375.50 करोड़ रुपये

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

पौराणिक महाकाव्य पर आधारित फिल्म रामायण ने रिलीज के पहले सप्ताहांत में वैश्विक स्तर पर 300 करोड़ रुपये से अधिक की शानदार कमाई की है। ट्रेड ट्रैकिंग वेबसाइट सैक्निल्क के आंकड़ों के अनुसार, इस फिल्म ने दुनिया भर में 375.50 करोड़ रुपये और भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 218.25 करोड़ रुपये का सकल कारोबार किया।

नयी दिल्ली, आठ नवंबर अभिनेता रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश अभिनीत फिल्म ‘रामायण’ ने अपने प्रदर्शन के पहले सप्ताहांत में दुनिया भर के सिनेमाघरों से 300 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार कर लिया है। यह फिल्म पांच नवंबर को हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आ रहे हैं।

यह प्राचीन पौराणिक महाकाव्य ‘रामायण’ पर आधारित दो भागों की फिल्म शृंखला का पहला भाग है। फिल्म कारोबार और कमाई पर नजर रखने वाली वेबसाइट ‘सैक्निल्क’ के अनुसार, इस फिल्म ने दुनिया भर में कुल 375.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। वहीं, भारतीय सिनेमाघरों से फिल्म की सकल कमाई 218.25 करोड़ रुपये रही है।

इस फिल्म का संगीत ऑस्कर विजेता संगीतकार हांस जिमर और ए. आर. रहमान ने तैयार किया है, वहीं स्टंट विशेषज्ञ टेरी नोटरी और गाइ नॉरिस इसके युद्ध व रोमांचक दृश्यों को निर्देशित करने वाली टीम का हिस्सा हैं। इस फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के ‘प्राइम फोकस स्टूडियोज’ ने ‘डीनेग’ और यश की ‘मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस’ के साथ मिलकर किया है। फिल्म के अन्य प्रमुख कलाकारों में सनी देओल, अनुपम खेर, काजल अग्रवाल, रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय, आदिनाथ कोठारे, अरुण गोविल, कुणाल कपूर, इंदिरा कृष्णन और लारा दत्ता शामिल हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़