महाराष्ट्र के बागी विधायक गुवाहाटी में कड़ी सुरक्षा के बीच एक लग्ज़री होटल पहुंचे

Maharashtra
ANI

शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में महाराष्ट्र के बागी विधायकों का एक समूह बुधवार सुबह गुवाहाटी पहुंचा। यहां उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच शहर के बाहरी इलाके में एक लग्ज़री होटल में ले जाया गया है। हवाई अड्डे पर भारतीय जनता पार्टी के सांसद पल्लब लोचन दास और सुशांत बोरगोहेन ने इन बागी विधायकों का स्वागत किया।

गुवाहाटी। शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में महाराष्ट्र के बागी विधायकों का एक समूह बुधवार सुबह गुवाहाटी पहुंचा। यहां उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच शहर के बाहरी इलाके में एक लग्ज़री होटल में ले जाया गया है। हवाई अड्डे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद पल्लब लोचन दास और सुशांत बोरगोहेन ने इन बागी विधायकों का स्वागत किया। शिंदे ने पहले हवाई अड्डे के बाहर इंतजार कर रहे पत्रकारों से बात करने से इनकार कर दिया था, हालांकि बाद में उन्होंने कहा कि उनके पास ‘‘40 विधायकों का समर्थन’’ है।

इसे भी पढ़ें: Naxali Attack in Odisha | ओडिशा के नुआपाडा में नक्सली हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान शहीद

सूत्रों ने बताया कि फिलहाल यह पता नहीं चल सका है कि शिवसेना के कितने विधायक इस विमान से यहां पहुंचे हैं, लेकिन विमान में 89 लोग सवार थे, जिनमें चालक दल के सदस्य भी शामिल हैं। ये विधायक सूरत से यहां पहुंचे हैं और उन्हें असम राज्य परिवहन निगम की तीन बसों में होटल ले जाया गया है। शिवसेना के सांसद संजय राउत ने पहले दावा किया था कि कुछ मंत्रियों समेत 14 से 15 विधायक शिंदे के साथ गुजरात के सूरत शहर में हैं। वहीं पार्टी के एक अन्य नेता ने दावा किया कि यह संख्या 23 हो सकती है। ऐसी अटकले हैं कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा इन बागी विधायकों से दिन में मुलाकात कर सकते हैं।

इसे भी पढ़ें: 'द्रौपदी मुर्मू' राजनीति की बुलंदियों पर पहुंचने वाली प्रथम आदिवासी महिला

हालांकि, भाजपा या मुख्यमंत्री कार्यालय ने इस बैठक की अभी तक पुष्टि नहीं की है। होटल और उसके आसपास भारी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। भाजपा से जुड़े सूत्रों के अनुसार, विधायकों को मंगलवार को मुंबई से सूरत लाया गया और सुरक्षा कारणों के चलते उन्हें गुवाहाटी ले जाने का फैसला किया गया। ऐसा शायद पहली बार है कि पश्चिमी भारतीय राज्य के विधायकों को पार्टी नेतृत्व के खिलाफ विद्रोह के बाद किसी पूर्वोत्तर राज्य लाया गया है। विधायकों की बगावत से महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महा विकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार संकट में आ गयी है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़