Lok Sabha नोटिस पर बागी तृणमूल सांसदों ने जवाब के लिए 15 दिन का समय मांगा

Lok Sabha नोटिस पर बागी तृणमूल सांसदों ने जवाब के लिए 15 दिन का समय मांगा
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

एनसीपीआई से जुड़े तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर अयोग्यता नोटिस का जवाब देने के लिए 15 दिन की मोहलत मांगी है। सांसद काकोली घोष दस्तीदार के मुताबिक आठ अक्टूबर की अंतिम तारीख तक कानूनी टीम जरूरी दस्तावेज जुटाकर जवाब तैयार नहीं कर पाई थी। इस पूरे घटनाक्रम और भावी रणनीति पर चर्चा के लिए सभी बागी सांसदों की कोलकाता में बैठक बुलाई गई है।

कोलकाता, आठ अक्टूबर सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने बृहस्पतिवार को कहा कि नेशनलिस्ट सिटीजन पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) के साथ जुड़ने वाले तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसदों ने दलबदल रोधी कानून के तहत उन्हें अयोग्य ठहराने के अनुरोध वाली याचिका पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा जारी नोटिस का जवाब देने के लिए 15 दिन का अतिरिक्त समय देने का आग्रह किया है। यह कदम ऐसे समय पर उठाया गया है जब नोटिस का जवाब भेजने के लिए दी गई समयसीमा आठ अक्टूबर को समाप्त हो रही है। बागी सांसदों में शामिल घोष दस्तीदार ने कहा कि सांसद अब तक जवाब तैयार करने के लिए जरूरी सभी दस्तावेज इकट्ठा नहीं कर पाए हैं, इसलिए उन्होंने लोकसभा सचिवालय से और समय देने का अनुरोध किया है।

घोष दस्तीदार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘जवाब भेजने की हमारी समय-सीमा आज खत्म होने वाली है। हमने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर 15 दिन का और समय देने का अनुरोध किया है।’’ लोकसभा सचिवालय ने सांसदों को तय समय-सीमा के भीतर जवाब देने के लिए आठ अक्टूबर तक का समय दिया था। हालांकि, समयसीमा नजदीक आने तक उनकी कानूनी टीम जवाब तैयार नहीं कर सकी जिसके बाद सांसदों ने अतिरिक्त समय का अनुरोध किया है।

दलबदल रोधी प्रावधानों के तहत सांसदों के खिलाफ के कार्रवाई के अनुरोध वाली याचिका के बाद अयोग्यता संबंधी नोटिस जारी किए गए थे। बागी सांसदों ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस छोड़ने और एनसीपीआई के साथ जुड़ने के उनके फैसले से अयोग्यता का प्रावधान लागू नहीं होता। घोष दस्तीदार ने बताया कि इस मुद्दे पर चर्चा के लिए बृहस्पतिवार को अपराह्न तीन बजे कोलकाता में इन 20 सांसदों की बैठक होगी।

इस बैठक में लोकसभा के नोटिस और आगे की कार्रवाई पर चर्चा होने की उम्मीद है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़