तेलंगाना CM Revanth Reddy ने Young India Skills University में शोध केंद्र बनाने का निर्देश दिया

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने राज्य की 'यंग इंडिया स्किल यूनिवर्सिटी' में नवाचार के लिए एक शोध केंद्र स्थापित करने का निर्देश दिया है। 'शक्ति' विभाग की बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने इस विश्वविद्यालय में विदेशी भाषाएं सिखाने के लिए अलग विभाग बनाने और इंजीनियरिंग छात्रों के लिए इंटर्नशिप उपलब्ध कराने के लिए कहा। उन्होंने 'एडवांस्ड टेक्नोलॉजी सेंटर' में ईवी व ड्रोन तकनीक से जुड़े कोर्स शुरू करने तथा युवाओं को विदेश में रोजगार दिलाने वाली संस्था टीओएमकॉम को मजबूत करने का भी निर्देश दिया।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने शुक्रवार को अधिकारियों से राज्य की ‘यंग इंडिया स्किल यूनिवर्सिटी’ में नवाचार के लिए एक शोध केंद्र स्थापित करने को कहा। रेड्डी ने ‘स्किल, ह्यूमन कैप्टिल एंड नॉलेज ट्रेनिंग इनिशिएटिव’ (शक्ति) विभाग के साथ हुई बैठक में अधिकारियों को विश्वविद्यालय में विदेशी भाषाएं सिखाने के लिए एक अलग विभाग स्थापित करने के निर्देश भी दिए। उद्योगपति आनंद महिंद्रा ‘यंग इंडिया स्किल्स यूनिवर्सिटी’ की शासी परिषद के अध्यक्ष हैं।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया कि रेड्डी ने अधिकारियों को राज्य सरकार द्वारा संचालित इंजीनियरिंग कॉलेजों के विद्यार्थियों को इंटर्नशिप के अवसर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि राज्य के ‘एडवांस्ड टेक्नोलॉजी सेंटर’ (एटीसी) में इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) और ड्रोन तकनीक से जुड़े पाठ्यक्रम शुरू किए जाएं। सरकार ने आईटीआई को बदलकर एटीसी बनाया है।
रेड्डी ने अधिकारियों को ‘तेलंगाना ओवरसीज मैनपावर कंपनी’ (टीओएमकॉम) को मजबूत करने के निर्देश दिए। यह युवाओं को विदेशों में रोजगार दिलाने में मदद करती है। विज्ञप्ति में बताया गया कि मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार मांग के अनुसार नर्सिंग कॉलेजों को मंजूरी देगी।
अन्य न्यूज़















