Samajwadi Party 26 नवंबर को जारी करेगी पहला Manifesto, युवा और कृषि पर मुख्य फोकस

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

समाजवादी पार्टी आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 26 नवंबर को अपना पहला घोषणापत्र पेश करेगी। पार्टी सूत्रों के अनुसार इसमें रोजगार, कृषि ऋण माफी, मुफ्त सिंचाई और जाति जनगणना जैसे वादों को शामिल करने की तैयारी है। इसके बाद महिलाओं और बालिकाओं पर आधारित दूसरा दस्तावेज अलग से लाया जाएगा।

समाजवादी पार्टी आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए अपना पहला घोषणापत्र 26 नवंबर को जारी करेगी, जिसमें युवाओं, शिक्षा, सामाजिक न्याय, कृषि और उद्योग पर ध्यान दिया जाएगा। इसके बाद महिलाओं और लड़कियों पर केंद्रित एक दूसरा दस्तावेज आएगा। पार्टी सूत्रों ने बताया कि पहले घोषणापत्र में युवाओं और शिक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी, उसके बाद सामाजिक न्याय और दलित मुद्दे, कानून-व्यवस्था, कृषि, किसान, और उद्योग तथा सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र को रखा जाएगा।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 21 नवंबर को यहां प्रेस वार्ता में कहा था, ‘‘समाजवादी पार्टी घोषणापत्र-1, घोषणापत्र-2 और जिला स्तर पर एक अलग घोषणापत्र लेकर आएगी।’’ हालांकि, उन्होंने इसके बारे में कोई और विस्तृत जानकारी नहीं दी थी। घोषणापत्र तैयार करने में शामिल पार्टी सूत्रों ने ‘पीटीआई-भाषा’ से नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर कहा कि यह दस्तावेज़ सिर्फ राजनीतिक वादों को ही नहीं, बल्कि राज्य भर में बदलती आर्थिक हकीकतों और आकांक्षाओं को भी दिखाने के लिए बनाया जा रहा है। सूत्र ने कहा, ‘‘पीडीए राजनीतिक ढांचा है, लेकिन घोषणापत्र को यह बताना होगा कि लोग अपनी जिंदगी में क्या चाहते हैं -- शिक्षा, रोजगार, आय, सुरक्षा और मौके।’’ सूत्र ने कहा कि यह खाका कई महीनों की सलाह-मशविरे और शोध के बाद तैयार किया गया है और यह पार्टी के 2022 के घोषणापत्र को आगे बढ़ाएगा, साथ ही पिछले पांच वर्षों में सामने आए घटनाक्रम और चुनौतियों को भी इसमें शामिल किया जाएगा।

पार्टी ने युवाओं, किसानों, महिलाओं, उद्योग प्रतिनिधियों, निवेशकों, बुद्धिजीवियों और हाशिए पर रहने वाले समुदायों से सुझाव मांगे हैं। वकील, सेवानिवृत्त सशस्त्र बल कर्मी और मीडियाकर्मियों को भी खास कल्याणकारी प्रस्तावों के जरिए घोषणापत्र में शामिल किए जाने की उम्मीद है। सूत्र ने बताया कि यादव की ‘विजन इंडिया’ पहल ने भी इस कवायद में योगदान दिया है, जिसके तहत उन्होंने उत्तर प्रदेश और बाहर के युवाओं, निवेशकों और उद्योग से जुड़े हितधारकों से बातचीत की।

रोजगार और आर्थिक एजेंडे के साथ किसानों से जुड़े प्रस्ताव भी शामिल होने की उम्मीद है, जिनमें कृषि ऋण माफी, खेती की सिंचाई के लिए 100 प्रतिशत मुफ्त बिजली और नहर का पानी, फसल बीमा, एक सुनिश्चित न्यूनतम समर्थन मूल्य और गन्ना किसानों को समय पर भुगतान शामिल हैं। सपा के एक अन्य सूत्र ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि घोषणापत्र में पार्टी के सरकार बनाने के तीन महीने के भीतर पूरे राज्य में जाति-आधारित जनगणना कराने का भी वादा हो सकता है, जिसका मकसद अनुपातिक प्रतिनिधित्व और आरक्षण लाभों तक पहुंच सुनिश्चित करना है। सूत्रों के मुताबिक, विचार किए जा रहे अन्य प्रस्तावों में 2005 के बाद सेवा में आए सभी राज्य सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल करना, और मुफ्त लैपटॉप वितरण योजना को फिर से शुरू करना भी शामिल है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़