O Saathi Re Trailer: लव ट्रायंगल में फंसे अर्जुन रामपाल, अदिति राव हैदरी और अविनाश तिवारी

O Saathi Re Trailer
INSTAGRAM
एकता । Nov 25 2026 5:23PM

नेटफ्लिक्स की आगामी सीरीज ओ साथी रे का ट्रेलर रिलीज हो गया है, जिसमें अदिति राव हैदरी, अविनाश तिवारी और अर्जुन रामपाल मुख्य किरदारों में हैं। इम्तियाज अली द्वारा बनाई गई यह कहानी प्यार, असुरक्षा और टूटती शादी के इर्द-गिर्द घूमती है। यह भावनात्मक सीरीज 4 दिसंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।

नेटफ्लिक्स की नई सीरीज ‘ओ साथी रे’ का ट्रेलर आज रिलीज हो गया है। इम्तियाज अली की बनाई और आरिफ अली के निर्देशन में बनी इस सीरीज में अदिति राव हैदरी, अविनाश तिवारी और अर्जुन रामपाल मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। कहानी प्यार, अमीर-गरीब के फर्क, रिश्तों में असुरक्षा और टूटती शादी के इर्द-गिर्द घूमती है।

प्यार से शुरू हुई कहानी तलाक तक कैसे पहुंची?

ट्रेलर की शुरुआत और अंत में रोशनी और करण नागर फैमिली कोर्ट में नजर आते हैं, जहां दोनों तलाक लेने पहुंचे हैं। अदिति राव हैदरी रोशनी और अविनाश तिवारी करण नागर का किरदार निभा रहे हैं। कहानी के पुराने सीनों में दोनों की पहली मुलाकात, धीरे-धीरे बढ़ती नजदीकियां और साथ बिताए खूबसूरत पल दिखाए गए हैं। पहाड़ी शहर की खूबसूरत वादियों में शुरू हुई उनकी प्रेम कहानी शादी तक पहुंचती है। लेकिन शादी के बाद धीरे-धीरे उनके रिश्ते में दूरियां आने लगती हैं।

इसे भी पढ़ें: गुरुपर्व पर Arjun Kapoor के साथ दिखीं Sahiba Bali, कैप्शन ने खींचा फैंस का ध्यान

अर्जुन रामपाल की एंट्री से बदलेगी कहानी

कहानी में अर्जुन रामपाल के किरदार की एंट्री के बाद नया मोड़ आता है। रोशनी जब अमीर और आधुनिक लोगों के बीच उठना-बैठना शुरू करती है, तब उसकी मुलाकात एक ऐसे शख्स से होती है, जो उसकी ओर आकर्षित हो जाता है। रोशनी बताती है कि उसने हमेशा एक अच्छी लड़की बनने की कोशिश की, जो हर काम सही तरीके से करे। लेकिन धीरे-धीरे यही कोशिश उसके लिए घुटन बन गई। अर्जुन का किरदार उसे अपनी असली पहचान के साथ जीने और बिना किसी डर के खुद को दुनिया के सामने रखने के लिए प्रेरित करता है।

इसे भी पढ़ें: Oscars 2027 में भारत की उम्मीद बनी Gondhal, इंटरनेशनल कैटेगरी में मिली जगह; 104 फिल्मों से होगा मुकाबला

खुद को रोशनी से कम समझने लगता है करण

रोशनी और अर्जुन के किरदार की बढ़ती नजदीकियों के बीच करण और रोशनी की शादी में दरार आने लगती है। करण अपने मन में असुरक्षा और खुद को कम समझने की भावना से जूझता दिखाई देता है। वह कहता है कि शादी के बाद भी उसे ऐसा लगता था, जैसे रोशनी को छूने का मौका मिलना भी उस पर कोई एहसान हो। रोशनी को एक अमीर और ऊंचे रहन-सहन वाले लोगों की दुनिया में आगे बढ़ते देखकर करण खुद को उससे अलग महसूस करने लगता है। उसे लगने लगता है कि दोनों एक-दूसरे के लिए सही नहीं हैं और शायद उन्हें कभी एक ही घर में नहीं रहना चाहिए था।

इसे भी पढ़ें: Eetha के लिए Shraddha Kapoor ने नहीं छोड़ी कोई कसर, 25 दिनों तक 8 किलो के घुंघरू पहनकर 8 घंटे की रिहर्सल

क्या तलाक लेकर अलग हो जाएंगे रोशनी और करण?

ट्रेलर में रोशनी और करण के बीच कई भावुक बहस देखने को मिलती हैं। रोशनी मानती है कि उसका सबसे बड़ा डर सच हो गया है। उसे हमेशा डर था कि करण खुद को उससे कम समझने लगेगा। वहीं, करण भी रोशनी और दूसरे शख्स के बीच बढ़ती नजदीकियों को महसूस करता है। इससे दोनों के रिश्ते में दर्द और दूरियां बढ़ती जाती हैं। आखिरी सीन में दोनों एक बार फिर फैमिली कोर्ट में दिखाई देते हैं। वहां जज उनसे पूछते हैं कि क्या वे दोनों तलाक के लिए तैयार हैं।

4 दिसंबर को नेटफ्लिक्स पर आएगी सीरीज

‘ओ साथी रे’ 4 दिसंबर 2026 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। सीरीज में प्यार, रिश्तों में असुरक्षा और दो लोगों के बीच बढ़ती दूरियों की कहानी देखने को मिलेगी।

All the updates here:

अन्य न्यूज़