Secretary Pankaj Pal का सख्त आदेश: Bihar के Bridge Repairs युद्धस्तर पर, लापरवाही बर्दाश्त नहीं

Secretary Pankaj Pal
ANI
अंकित सिंह । Jun 13 2026 6:13PM

पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने बिहार के 60 मीटर से अधिक लंबे 638 पुलों की गहन जांच रिपोर्ट की समीक्षा की, जिसमें 23 पुल गंभीर स्थिति में पाए गए। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु सचिव ने तत्काल मरम्मत, सुदृढ़ीकरण और कुछ स्थानों पर नए पुलों के निर्माण के युद्धस्तर पर कार्य शुरू करने के कड़े निर्देश दिए हैं। बिहार में सड़क सुरक्षा और पुलों के रखरखाव को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है ताकि भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

पटना। पंकज कुमार पाल सचिव, पथ निर्माण विभाग की अध्यक्षता में आज विभागीय सभाकक्ष में बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड (BRPNNL) के अंतर्गत आने वाले 60 मीटर से अधिक लंबाई के पुलों की सुरक्षा एवं वर्तमान स्थिति से जांच रिपोर्ट की एक उच्च स्तरीय समीक्षा की गई। इस समीक्षा बैठक में विभाग के वरीय अभियंता एवं बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के पदाधिकारी उपस्थित थे।

इसे भी पढ़ें: जमीन बेचकर बेटे को बनाया Cricketer, Bihar के Vaibhav Suryavanshi की Team India तक की संघर्ष गाथा

समीक्षा के दौरान सचिव महोदय को अवगत कराया गया कि राज्यभर में 60 मीटर से अधिक लंबाई वाले कुल 638 पुलों को चिन्हित कर सभी 638 पुलों की जांच पूरी कर ली गई है। पश्चिम चंपारण में 49, पटना में 36, मुजफ्फरपुर में 39, अररिया में 38, पूर्णिया में 27, किशनगंज में 37, कटिहार में 36, सुपौल में 35, पूर्वी चम्पारण में 30, दरभंगा में 29 गयाजी में 25, नवादा में 20 जमुई में 16 एवं सहरसा में 19 सहित कुल 638 पुलों की गहन जांच की गई है। 

जांच में कुल 23 पुल गंभीर स्थिति में पाए गए हैं, जिनमें से 10 पुलों की मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। 5 क्रिटिकल स्थानों पर नए ब्रिज बनाए जाएंगे। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फिलहाल 4 पुलों पर भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित कर केवल छोटी और हल्की गाड़ियों के परिचालन की अनुमति दी गई है। एक अन्य संवेदनशील स्थल पर सुचारू आवागमन हेतु वैकल्पिक डायवर्जन निर्माण का कार्य प्रगति पर है। वहीँ, 8 ब्रिजों के मेंटेनेंस हेतु टेंडर की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। सचिव ने निदेशित किया कि टेंडर की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराएं। 

इसके अलावा जांच में 50 पुलों में सामान्य मरम्मत और सुदृढ़ीकरण की आवश्यकता पाई गई है। इन सभी पर विभागीय अभियंताओं की देखरेख में तीव्र गति से कार्य संचालित किया जा रहा है। सचिव द्वारा प्रत्येक ब्रिज की जांच रिपोर्ट की समीक्षा की गई एवं अभियन्ताओं को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने हेतु दिशानिर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जिन पुलों में किसी भी प्रकार की मरम्मत की आवश्यकता पाई गई है, उन पर अविलंब युद्धस्तर पर कार्य शुरू किया जाए। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि आईआईटी पटना के द्वारा राज्य के अत्यंत महत्वपूर्ण एवं लाइफलाइन माने जाने वाले 250 मीटर से अधिक लंबाई वाले 47 पुलों की जांच की गई है। आईआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट पर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है। 

इसे भी पढ़ें: Bihar में Ganga कटाव पर एक्शन: Bhojpur के 4 गांवों को Flood से बचाएगी 52 करोड़ की योजना

सचिव ने कहा कि पुलों की लगातार निगरानी के लिए व्यवस्था और सुदृढ़ की जाय ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की क्षति की पूर्व सूचना ससमय प्राप्त हो सके और बड़ी दुर्घटनाओं को रोका जा सके। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि जिन प्रमंडलों में कार्य की गति धीमी पाई जाएगी या गुणवत्ता में कमी होगी, वहाँ के संबंधित अभियंताओं पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि माननीय मुख्यमंत्री जी के दिशा-निर्देशन में राज्य में आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलों के रख-रखाव और सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

All the updates here:

अन्य न्यूज़