शीला दीक्षित की हुंकार, कहा- लोकसभा चुनाव में दिल्ली की सातों सीट जीतेगी कांग्रेस

sheila-dikshit-s-hunker-said-congress-will-win-seven-seats-in-lok-sabha-elections
[email protected] । Jan 28 2019 9:25AM

उन्होंने ‘आप’ पर लोगों के लिए काम करने के बजाय लंबे - चौड़े वादे करने का आरोप लगाते हुए लोगों से लोकसभा चुनाव में उसे वोट नहीं देने की अपील की।

नयी दिल्ली। दिल्ली की तीन बार मुख्यमंत्री रह चुकी शीला दीक्षित ने भाजपा और आम आदमी पार्टी पर शहर के लोगों से किए वादों से मुकरने का रविवार को आरोप लगाया। उन्होंने यह दावा भी किया कि कांग्रेस लोकसभा चुनाव में यहां की सभी सात सीटों पर जीत हासिल करेगी। दिल्ली कांग्रेस प्रमुख शीला दीक्षित ने कहा कि लोगों को शहर में कांग्रेस सरकार द्वारा किया गया विकास अब भी याद है। उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ ‘आप’ यह नहीं जानती कि काम कैसे करना है। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘उन्होंने (लोगों ने) पिछले चुनावों में भाजपा और आप को वोट दिया लेकिन उन्हें बदले में झूठ और खोखले वादे मिले।’’ उन्होंने ‘आप’ पर लोगों के लिए काम करने के बजाय लंबे - चौड़े वादे करने का आरोप लगाते हुए लोगों से लोकसभा चुनाव में उसे वोट नहीं देने की अपील की।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘लोकसभा चुनाव बहुत महत्वपूर्ण हैं, ऐसी पार्टी को वोट मत दीजिए, जो केवल झूठ बोलती है और वादे करती है।’’ उन्होंने कहा कि लोग चाहते है कि कांग्रेस केंद्र में अगली सरकार बनाए। उन्होंने कहा, ‘‘बड़ी संख्या में लोगों का एकत्रित होना फिर से उम्मीद जगाता है कि कांग्रेस दिल्ली में सभी सातों सीटों पर जीत दर्ज करेगी।’’ भाजपा पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि नगर निगमों में भाजपा के शासन में राष्ट्रीय राजधानी गंदी हुई है। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने दिल्ली को पहले कभी इतना गंदा नहीं देखा।’’ पूर्व मुख्यमंत्री ने केंद्र की नरेंद्र मोदी नीत सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि ‘वस्तु एवं सेवा कर’ (जीएसटी) और नोटबंदी जैसे उसके फैसलों का लोगों पर नुकसानदेह असर पड़ा है।

यह भी पढ़ें: जो नेता सपने पूरे नहीं करते, जनता उनकी पिटाई करती है: गडकरी

उन्होंने कहा, ‘‘(बैंक खातों में) 15 लाख रुपये देने और काला धन वापस लाने के वादे का क्या हुआ। भाजपा ने केवल लोगों को गुमराह किया है।’’ दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के शासन में मेट्रो के किराये में बस दो बार वृद्धि हुई थी जबकि केजरीवाल सरकार ने एक साल में ही दो बार किराया बढ़ा दिया। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस सत्ता में थी तो मेट्रो परियोजना में कभी देरी नहीं हुई। अब मेट्रो के तीसरे चरण में देरी हो रही है और इसकी कोई खबर नहीं है कि चौथा चरण कब शुरू होगा। उन्होंने दिल्ली में वायु गुणवत्ता और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था खराब करने को लेकर भी आप सरकार की आलोचना की।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़