DRI ने Delhi में पकड़ी 22 किग्रा Cocaine, विदेशी महिला फर्जी राजनयिक बनकर कर रही थी तस्करी

DRI ने Delhi में पकड़ी 22 किग्रा Cocaine, विदेशी महिला फर्जी राजनयिक बनकर कर रही थी तस्करी
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

राजस्व आसूचना निदेशालय ने नई दिल्ली में सिएरा लियोन की एक महिला यात्री को 22 किलोग्राम कोकीन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला ने फर्जी राजनयिक दस्तावेज दिखाकर हवाई अड्डे पर जांच से बचने का प्रयास किया था। वित्त मंत्रालय के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त मादक पदार्थ की कीमत करोड़ों रुपये आंकी गई है।

राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) के अधिकारियों ने 22 किलोग्राम कोकीन की तस्करी की कोशिश के आरोप में सिएरा लियोन से आई एक महिला यात्री को नयी दिल्ली से गिरफ्तार किया है। वित्त मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी गई है। मंत्रालय के अनुसार, इस कार्रवाई में तस्करी के सुनियोजित और दुस्साहसपूर्ण तरीके का खुलासा हुआ जिसमें हवाई अड्डे की सुरक्षा जांच से बचने के लिए फर्जी राजनयिक दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया।

महिला यात्री ने राजनयिक दर्जा प्राप्त होने का दावा किया था और उसके पास एक बड़ा ब्रीफकेस जैसा बक्सा था, जिस पर राजनयिक डाक-राजनयिक मेल और बिना अनुमति न खोलें जैसे निशान अंकित थे। खुफिया जानकारी के आधार पर डीआरआई अधिकारियों ने बक्से की जांच की। इस दौरान प्लास्टिक की कई परतों में छिपाकर रखे गए 22 पैकेट बरामद हुए।

मंत्रालय ने कहा, “पैकेट से बरामद सफेद रंग के ईंट के आकार के पदार्थ की मौके पर जांच की गई, जिसमें कोकीन की पुष्टि हुई।” एक अन्य बयान में मंत्रालय ने बताया कि डीआरआई ने चेन्नई बंदरगाह पर लाल चंदन की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। अधिकारियों ने 7.72 करोड़ रुपये मूल्य का करीब 13,000 किलोग्राम लाल चंदन जब्त कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया। मंत्रालय ने कहा, “चेन्नई स्थित एक गिरोह द्वारा लाल चंदन की लकड़ियों की मलेशिया में तस्करी करने के प्रयास की विशेष खुफिया जानकारी मिलने पर डीआरआई के अधिकारियों ने नौ से 11 नवंबर 2026 के दौरान चेन्नई बंदरगाह पर एक निर्यात कंटेनर को जहाज में लादे जाने से पहले ही रोक लिया।’’ प्रारंभिक जांच में पता चला कि इस गिरोह ने निर्माता-निर्यातक को उपलब्ध कंटेनर की स्वयं सील लगाने की सुविधा का दुरुपयोग किया था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़