Pratapgarh में जर्जर मकान ढहने से परिवार के 6 सदस्यों की मौत, एक घायल

Prabhasakshi Image

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले स्थित महुली बाजार में बुधवार रात बारिश के कारण एक करीब 100 साल पुराना मकान गिर गया। इस हादसे में मलबे में दबने से प्रमोद श्रीवास्तव और उनकी पत्नी समेत एक ही परिवार के छह लोगों की जान चली गई। घटना में गंभीर रूप से घायल युवक का मेडिकल कॉलेज में उपचार किया जा रहा है।

प्रतापगढ़ (उप्र), छह अगस्त प्रतापगढ़ जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र में बारिश के दौरान एक जर्जर मकान ढहने से उसके मलबे में दबने के कारण एक परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) आशुतोष मिश्रा ने बृहस्पतिवार को बताया कि नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली बाजार में बुधवार रात एक मकान के एक कमरे में परिवार के सात सदस्य सो रहे थे। उन्होंने बताया कि इसी दौरान बारिश के बीच मकान ढह गया और वे सभी मलबे में दब गए।

उन्होंने बताया कि जोरदार आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने पुलिस एवं दमकल विभाग को सूचना दी। मिश्रा ने बताया कि मलबे में दबे सभी लोगों को बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि इस घटना में प्रमोद श्रीवास्तव (60), उनकी पत्नी रीता (55), उनकी बहू माधुरी (24), उनके पोतों माधव (दो) एवं आद्विक (10 माह) और परिवार के एक अन्य सदस्य नितिन (25) की मौत हो गई।

पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि घटना में घायल प्रमोद के बेटे अमन का उपचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। मिश्रा ने बताया कि मकान करीब 100 वर्ष पुराना था और जर्जर हो चुका था।

All the updates here:

अन्य न्यूज़