राजा रघुवंशी हत्याकांड: उच्चतम न्यायालय के आदेश पर आरोपी पत्नी सोनम ने मेघालय की अदालत में आत्मसमर्पण किया

मेघालय में हनीमून के दौरान पति राजा रघुवंशी की हत्या की आरोपी सोनम रघुवंशी ने उच्चतम न्यायालय के निर्देश के बाद अधीनस्थ अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है। पूर्वी खासी हिल्स जिले के पुलिस अधीक्षक विवेक सियेम ने बताया कि इंदौर निवासी आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। शीर्ष अदालत ने 23 जुलाई को सोनम की जमानत रद्द करते हुए उसे सरेंडर करने का आदेश दिया था।
शिलांग, 29 जुलाई मेघालय में हनीमून के दौरान अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या करने की आरोपी सोनम रघुवंशी ने उच्चतम न्यायालय के आदेश का अनुपालन करते हुए मंगलवार को मेघालय की एक अधीनस्थ अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। शीर्ष अदालत ने सोनम की जमानत रद्द करते हुए उसे आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया था। पूर्वी खासी हिल्स जिले के पुलिस अधीक्षक विवेक सियेम ने बताया कि मध्यप्रदेश के इंदौर की रहने वाली सोनम को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
उच्चतम न्यायालय ने 23 जुलाई को सोनम को मिली जमानत को रद्द कर दिया था और उसे तीन सप्ताह के भीतर आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया था। सोनम को पिछले साल जून में अपने कारोबारी पति राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया था। सोनम और राजा हनीमून पर गए थे और 23 मई 2025 को मेघालय के सोहरा क्षेत्र में दोनों लापता हो गए थे।
इसके बाद दो जून 2025 को राजा का शव एक गहरी खाई से बरामद किया गया था। पुलिस का आरोप है कि सोनम ने अपने कथित प्रेमी राज कुशवाहा के साथ मिलकर साजिश रची और भाड़े के हत्यारों की मदद से हनीमून के दौरान राजा की हत्या कर दी। मेघालय उच्च न्यायालय ने 29 जून को सोनम को जमानत देने के अधीनस्थ अदालत के आदेश को बरकरार रखा था।
अन्य न्यूज़














