Sonia Gandhi संस्मरण: बच्चन दंपत्ति को बताया माता-पिता समान, साझा कीं 1968 की यादें

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी नई किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' में 1968 में पहली बार भारत आने और बच्चन परिवार के घर ठहरने के संस्मरण साझा किए हैं। उन्होंने बताया कि हरिवंश राय बच्चन और तेजी बच्चन उनके लिए अभिभावक की तरह थे जिन्होंने नए देश में उनका ख्याल रखा।

प्रसिद्ध हिंदी कवि हरिवंश राय बच्चन ने एक बार सोनिया गांधी से कहा था, ‘‘इस देश में यह मायने नहीं रखता कि आप क्या हैं, बल्कि यह मायने रखता है कि लोग आपको क्या समझते हैं।’’ सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ में राजीव गांधी के साथ विवाह से पूर्व, दिल्ली में बच्चन परिवार के घर पर बिताए गए दिनों का विस्तार से जिक्र किया है। उन्होंने बताया है कि राजीव से लंबे समय तक दूर रहने के बावजूद दोनों को अपने प्रेम और रिश्ते पर पूरा भरोसा था और इसी वजह से वह पहली बार भारत आई थीं। सोनिया 13 जनवरी, 1968 को सुबह पांच बजकर 15 मिनट पर विमान से नई दिल्ली पहुंची थीं।

हवाई अड्डे पर उन्हें लेने राजीव गांधी, उनके भाई संजय गांधी और उनके मित्र अमिताभ बच्चन पहुंचे थे, जो बाद में हिंदी सिनेमा के महानायक बने। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष ने किताब में लिखा, ‘‘मैं बेहद थकी हुई और थोड़ा घबराई हुई थी, लेकिन राजीव को देखते ही मेरा डर और थकान गायब हो गई। खुशी के मारे मैं कुछ बोल नहीं पा रही थी।

हवाई अड्डा एक कम रोशनी वाली हैंगरनुमा इमारत थी, जो रोम के बड़े और आधुनिक हवाई अड्डे से बिल्कुल अलग थी। यहां तक कि ट्यूरिन (इटली का शहर) का छोटा हवाई अड्डा भी इससे बड़ा और रोशन था।’’ उन्होंने बताया कि वहां से वे अंधेरे में एक संकरी सड़क से होते हुए 13, विलिंगडन क्रिसेंट पहुंचे। यह अमिताभ बच्चन के माता-पिता का घर था।

सोनिया को वहीं रहना था। हरिवंश राय बच्चन और उनकी पत्नी तेजी बच्चन यहां रहते थे। सोनिया ने बच्चन परिवार को इलाहाबाद के दिनों से इंदिरा गांधी का पारिवारिक मित्र बताया है।

उन्होंने तेजी बच्चन द्वारा किए गए स्वागत की याद करते हुए लिखा, ‘‘छोटे कद की श्रीमती बच्चन जैकेट और पतलून पहने हुए थीं। उनके सिर पर फ्रांसीसी शैली का स्कार्फ बंधा था। उन्होंने बरामदे में बेहद प्यारी मुस्कान और गर्मजोशी से गले लगाकर मेरा स्वागत किया।

मुझे तुरंत राहत और भरोसा महसूस हुआ। आगे चलकर वह मेरे लिए मां जैसी बन गईं, जो हमेशा मेरी मदद करने, मुझे सिखाने और सलाह देने के लिए तैयार रहती थीं।’’ सोनिया के मुताबिक, उन्हें जल्द ही घर के दाईं ओर बने कमरे में ले जाया गया, जो तेजी बच्चन के कमरे के बगल में था। एक साल की जुदाई के बाद आखिरकार वह और राजीव अकेले साथ थे।

उन्होंने बताया कि राजीव ने उनके रहने की जगह को आरामदायक बनाने के लिए खास इंतजाम किए थे। बिस्तर के पीछे की दीवार पर पाब्लो पिकासो की ब्लू पीरियड की एक पेंटिंग की प्रतिकृति लगी थी, जिसे राजीव कैम्ब्रिज से लाए थे। बिस्तर के पास की मेज पर खुशबूदार गुलाबों से भरा फूलदान रखा था।

रंगीन कालीन पर मोरक्को की कढ़ाई वाला चमड़े का छोटा स्टूल भी रखा गया था। हालांकि, राजीव ने पुराने और साधारण बाथरूम को बेहतर दिखाने के लिए अपनी मां के घर के एक पुराने संदूक से नीले-हरे रंग का मोटा कालीन निकालकर उसके फर्श के एक हिस्से पर बिछा दिया था। सोनिया लिखती हैं, ‘‘शायद उस कालीन पर किसी कीटनाशक का इस्तेमाल किया गया था क्योंकि बाथरूम में कदम रखते ही मेरी सांस फूलने लगी।

यह अस्थमा के कारण सांस लेने में होने वाली परेशानी थी। राजीव और श्रीमती बच्चन घबरा गए। उन्होंने मेरी मदद की, दवा दी और तब तक मेरा ख्याल रखा, जब तक मैं बेहतर महसूस नहीं करने लगी।’’ आराम करने के बाद सोनिया की मुलाकात हरिवंश राय बच्चन से हुई, जो सुबह की सैर पर जाने वाले थे।

सोनिया ने उनके साथ अपनी पहली मुलाकात का वर्णन करते हुए लिखा कि वह थोड़े झुके हुए थे, शॉल ओढ़े हुए थे, आंखों पर चश्मा था और सिर पर घने, लहराते बाल थे। उन्होंने बताया कि बच्चन जी ने भी मुस्कराकर उनका स्वागत किया और कुछ आत्मीय शब्द कहने के बाद धीरे-धीरे वहां से चले गए। नाश्ते के बाद राजीव उन्हें अपने घर ले गए, जहां उनकी मुलाकात राजीव की मां इंदिरा गांधी से हुई।

सोनिया ने बताया कि मौसम बेहद ठंडा था और उन्हें एक सादे बैठक कक्ष में ले जाया गया। वहां गहरे भूरे रंग के कपड़े से मढ़ा एक सोफा, उसी रंग की एक आरामकुर्सी, लिखने की मेज, एक कुर्सी और कोने में एक छोटी मेज थी। उन्होंने लिखा कि वह कमरे की सादगी को देख ही रही थीं कि राजीव की मां वहां आईं।

सोनिया ने घबराते हुए उनका अभिवादन किया, लेकिन इंदिरा गांधी ने बेहद सहजता और गर्मजोशी से जवाब दिया, मानो वह उन्हें पहले से जानती हों। उन्हें सोनिया की अस्थमा की समस्या के बारे में पता था और उन्होंने उन्हें गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी। सोनिया ने बच्चन परिवार के साथ बिताए गए दिनों की एक और दिलचस्प याद साझा की।

उन्होंने लिखा कि सुबह तड़के खिड़की के पास कदमों की आवाज से उनकी नींद खुल जाती थी। वह सोचती थीं कि इतनी सुबह खिड़की के पास कौन है। बाद में पता चला कि यह घर के चारों ओर सुबह की सैर कर रहे बच्चन जी थे।

उन्होंने लिखा कि जब वह दोबारा सोने की कोशिश करतीं तो एक लंबी और तेज आवाज से फिर जाग जाती थीं। यह बच्चन जी द्वारा देवताओं को जगाने के लिए शंख बजाने और उसके बाद पूजा की घंटी बजाने की आवाज होती थी। सोनिया ने बताया कि कई वर्षों तक अंग्रेजी पढ़ने के बावजूद वह इसे धाराप्रवाह नहीं बोल पाती थीं और भारतीय अंग्रेजी के लहजे को भी समझने में उन्हें परेशानी होती थी।

बच्चन जी कभी-कभी उन्हें थोड़ी हिंदी भी सिखाते थे, लेकिन इतनी नहीं कि वह अपनी बात दूसरों को समझा सकें। सोनिया के मुताबिक, बच्चन जी बातचीत के दौरान बीच-बीच में उन्हें सावधान करते हुए कहते थे, ‘‘तुम्हें यह जानना चाहिए, सोनिया बेटी, कि इस देश में यह मायने नहीं रखता कि तुम क्या हो, बल्कि यह मायने रखता है कि लोग तुम्हें क्या समझते हैं।’’ उन्होंने लिखा कि बच्चन जी की इस बात से वह अक्सर सोच में पड़ जाती थीं कि क्या इसका मतलब यह है कि वह कभी खुद जैसी नहीं रह सकतीं। वह जैसी थीं, वैसी ही रहना चाहती थीं और उन्हें समझ नहीं आता था कि उन्हें खुद को किसी और रूप में कैसे पेश करना चाहिए।

सोनिया ने लिखा कि कई बार राजीव के उन्हें वापस छोड़ने के बाद वह चुपचाप आंसू बहाती थीं और अपने घर तथा परिवार को याद करती थीं। राजीव उन्हें समझाने की कोशिश करते थे, लेकिन बाद के वर्षों में उन्हें बच्चन जी की बातें याद आईं। उन्होंने लिखा, ‘‘वह कितने सही थे।

एक कवि और संवेदनशील व्यक्ति होने के नाते उन्होंने खुद भी जनता के बदलते मिजाज का अनुभव किया था।’’ सोनिया ने पुस्तक में हरिवंश राय बच्चन और तेजी बच्चन को अपने अभिभावक की तरह बताया है, जो भारत पहुंचने पर उनके साथ खड़े रहे थे, जबकि उन्हें यह पता नहीं था कि आगे उनके जीवन में क्या होने वाला है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़