Sonia Gandhi Memoir में 2002 गुजरात दंगों का दर्द बयां, राहत शिविर की घटना को बताया सबसे पीड़ादायक

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव में 2002 के गुजरात दंगों के दौरान अहमदाबाद के राहत शिविर के दर्दनाक पलों को साझा किया है। उन्होंने लिखा कि एक पिता अपनी बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म के बाद रोते हुए मदद मांग रहा था, जिसने उन्हें अंदर तक झकझोर दिया। पुस्तक में उन्होंने तत्कालीन राजनीतिक घटनाक्रम और अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया का भी जिक्र किया है।

कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण में कहा है कि 2002 के गुजरात दंगों के बाद उन्हें एक “सबसे दर्दनाक पल” का सामना करना पड़ा, जब एक व्यक्ति ने दुष्कर्म पीड़िता अपनी बच्ची के लिए रोते हुए उनसे मदद मांगी और उसकी फरियाद ने उन्हें झकझोर कर रख दिया। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष ने अपने संस्मरण ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ में लिखा है कि वह एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के साथ दंगा प्रभावित अहमदाबाद के दौरे पर थीं, जहां उन्होंने देखा कि राहत शिविर “भयभीत पुरुषों, महिलाओं और बच्चों से भरे हुए थे।’’ पुस्तक में तत्कालीन नेता प्रतिपक्ष सोनिया गांधी ने लिखा, “माहौल डरावना था। सड़कों पर युवकों के समूह मुस्लिम विरोधी नारे लगाते देखे जा सकते थे।

हमारे प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मुलाकात की। मुलाकात के बाद, सुरक्षा कारणों से हमें एक बस में बिठाया गया और फिर दंगा पीड़ितों के लिए बनाए गए कुछ राहत शिविरों में ले जाया गया। ऐसे ही एक शिविर में मुझे सबसे दर्दनाक पल का सामना करना पड़ा।” उन्होंने लिखा, “नेताओं के समूह के शिविर में प्रवेश करते ही अपनी बाहों में एक बच्ची को थामे हुए एक लंबा और दुबला-पतला व्यक्ति दिखा।

उसने लरजती हुई आवाज में कहा, “यह मेरी बच्ची है, इसे देखिए, अच्छी तरह से देखिए। राक्षसों ने इसके साथ कई बार दुष्कर्म किया।” सोनिया गांधी ने पुस्तक में लिखा है कि वह (व्यक्ति) फूट-फूटकर रोने लगा और कहा, “मैं क्या करूं, क्या करूं? कुछ करो, कुछ करो।” कांग्रेस नेता ने संस्मरण में लिखा है कि वह “पूरी तरह टूट गईं, सन्न रह गईं, खौफ से भर गईं और हमदर्दी के कुछ शब्द कहने के अलावा कुछ भी बोल पाने में असमर्थ थीं।” अयोध्या से हिंदू कारसेवकों को लेकर लौट रही साबरमती एक्सप्रेस के चार डिब्बों में आग लगाए जाने के बाद 59 श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी, जिसके बाद अहमदाबाद में दंगे भड़क गए थे।

गांधी ने अपने संस्मरण में लिखा है, “आग का कारण अभी भी विवादित है, लेकिन इसके बाद फैली हिंसा राज्य के कई हिस्सों में फैल गई और पीड़ित मुख्य रूप से मुस्लिम थे। हमने (समाचार चैनलों पर प्रसारित हो रही) खबरों को खौफ के साथ देखा और गुजरात में अपने सहयोगियों की मदद करने की कोशिश की, जो हताशा में हमें फोन कर रहे थे।’’ उन्होंने पुस्तक में लिखा, ‘‘दंगों को भाजपा और आरएसएस के एक कट्टर समूह, बजरंग दल ने हवा दी थी। उस समय राज्य के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी थे।” कांग्रेस नेता ने लिखा है कि तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से मुख्यमंत्री मोदी को बर्खास्त करने की उम्मीद थी, लेकिन “माना जाता है कि उनकी अपनी पार्टी के अंदरूनी दबाव ने उन्हें ऐसा नहीं करने के लिए विवश कर दिया।” सोनिया गांधी ने यह भी उल्लेख किया कि दूसरे देशों की सरकारों ने 12 साल बाद मोदी का अपने यहां स्वागत किया, जबकि पूर्व में उन्हें वीजा न देने की घोषणा की थी।

उन्होंने लिखा, “अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक विरोध हुआ था और अमेरिका, ब्रिटेन तथा कुछ यूरोपीय देशों की सरकारों ने 2005 में घोषणा की थी कि वे गुजरात के मुख्यमंत्री को वीजा नहीं देंगे। 12 साल बाद, जब वह भारत के प्रधानमंत्री बने, तो उन सभी ने उनको सम्मान दिया।”

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़