Sourav Das का आरोप: युवाओं के आंदोलन से डरी सरकार, Oxford Union जाने से रोका गया

कॉकरोच जनता पार्टी के सह-संयोजक सौरव दास ने मंगलवार को नयी दिल्ली में आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं के आंदोलन से घबराकर उनके नेताओं को दबाने में जुटी है। उन्होंने दावा किया कि पासपोर्ट में विसंगति का बहाना बनाकर आव्रजन अधिकारियों ने उन्हें ब्रिटेन में आयोजित ऑक्सफोर्ड यूनियन के कार्यक्रम में शामिल होने से रोक दिया।
(नाम में सुधार के साथ) नयी दिल्ली, 24 नवंबर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के सह-संयोजक सौरव दास ने मंगलवार को आरोप लगाया कि सरकार युवाओं के नेतृत्व वाले आंदोलन से डरी हुई है और इसके नेताओं को विदेश यात्रा से रोककर, विरोध प्रदर्शनों को प्रतिबंधित करके तथा सोशल मीडिया सामग्री पर बंदिश लगाकर इसे (कॉजपा को) दबाने की कोशिश कर रही है। दास ने यह टिप्पणी ऐसे समय की है जब एक दिन पहले ही उन्हें ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए ब्रिटेन जाने से कथित तौर पर रोक दिया गया। वहां उन्हें ‘कॉकरोच आंदोलन’ पर बोलने के लिए आमंत्रित किया गया था।
दास ने यहां प्रेसवार्ता में कहा कि यदि वह नीरव मोदी या विजय माल्या होते, तो उनके लिए लाल कालीन बिछाया जाता और वह तीन-चार घंटे में लंदन के लिए रवाना हो जाते। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने पासपोर्ट में विसंगतियों का हवाला देकर उसे चिह्नित किया था, जिसके बाद आव्रजन अधिकारियों ने उन्हें विदेश जाने से रोक दिया। उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और सीबीआई जैसी एजेंसियों के माध्यम से कॉजपा नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करने का आधार न मिल पाने के कारण, सरकार अब उनकी नागरिकता, आधार कार्ड और शैक्षणिक योग्यताओं पर सवाल उठाने का सहारा ले रही है।
दास ने कहा कि उन्हें और कॉजपा की कानूनी प्रमुख रत्ना सिंह को एक दिसंबर को ऑक्सफोर्ड यूनियन में बोलने के लिए आमंत्रित किया गया था। उन्होंने कहा, ‘‘मुख्य कार्यक्रम ऑक्सफोर्ड यूनियन में था। यह एक दिसंबर का कार्यक्रम था, जिसमें रत्ना और मुझे आमंत्रित किया गया था।’’ कॉजपा नेता ने कहा कि छात्रों ने लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स, कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय, एडिनबर्ग विश्वविद्यालय और क्वीन मैरी विश्वविद्यालय में भी कार्यक्रमों की योजना बनाई थी, जिनमें से कुछ कार्यक्रमों को विश्वविद्यालयों द्वारा और अन्य को उनके छात्रों द्वारा समर्थन प्राप्त था।
दास ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘यदि मैं नीरव मोदी, विजय माल्या या मेहुल भाई चोकसी होता, तो मेरे साथ क्या होता? मेरे लिए लाल कालीन बिछाया जाता, मुझे वीआईपी सुरक्षा के बीच हवाई अड्डे ले जाया जाता और मैं तीन-चार घंटे में लंदन के लिए रवाना हो गया होता।’’ उन्होंने यह भी दावा किया कि माल्या ने 2018 में संसद में पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली के साथ एक गुप्त बैठक की थी जिसके दौरान उन्होंने देश छोड़ने से पहले लंदन जाने की अपनी यात्रा योजनाओं का खुलासा किया था। दास ने आरोप लगाया कि सरकार इस आंदोलन को भारत में भी अपने विचार रखने से रोक रही है।
अन्य न्यूज़














