पीलीभीत में फर्जी भारतीय दस्तावेज बनवाने पर Sri Lankan महिला समेत तीन गिरफ्तार

पीलीभीत में फर्जी भारतीय दस्तावेज बनवाने पर Sri Lankan महिला समेत तीन गिरफ्तार
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में पासपोर्ट कार्यालय बरेली की शिकायत पर पुलिस ने फर्जी भारतीय दस्तावेज बनवाने के आरोप में 12 नवंबर को तीन लोगों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए लोगों में श्रीलंका की मूल निवासी महिला, उसका भारतीय पति और एक ग्राम प्रधान प्रतिनिधि शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला का नाम बदलकर पहले निवास प्रमाण पत्र व आधार कार्ड बनवाए गए और फिर पासपोर्ट के लिए आवेदन किया गया था।

पीलीभीत के पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के शेरपुर कलां में एक श्रीलंकाई महिला, उसके पति और एक अन्य व्यक्ति को फर्जी भारतीय दस्तावेज बनवाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक महिला का नाम बदलकर निवास और मूल निवास प्रमाण पत्र बनवाए गए।

इनके आधार पर आधार कार्ड बनवाया गया और पासपोर्ट के लिए आवेदन किया गया। पुरनपुर कोतवाली प्रभारी पवन पांडे ने बताया कि पासपोर्ट कार्यालय, बरेली से मिले शिकायत पत्र पर शेरपुर कलां निवासी मोहम्मद इमरान की पत्नी जैनब बेगम के पासपोर्ट की जांच की गई। जांच में पासपोर्ट गलत तरीके से बनवाए जाने का मामला सामने आया।

इसके बाद 12 नवंबर को थाना पूरनपुर में भारतीय न्याय संहिता, आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम तथा पासपोर्ट अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में मोहम्मद इमरान, उसकी पत्नी सुरैनी श्री वन्तिका उर्फ जैनब बेगम और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि नजीब खां को गिरफ्तार किया है। जैनब बेगम का स्थायी पता श्रीलंका का है।

पुलिस के अनुसार, मोहम्मद इमरान 2018 में काम के सिलसिले में जॉर्डन गया था। वहां उसकी मुलाकात श्रीलंकाई नागरिक सुरैनी श्री वंतिका से हुई। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने के बाद सुरैनी मार्च 2019 में पर्यटक वीजा पर भारत आईं और उसने इमरान से निकाह किया।

इसके बाद महिला का नाम बदलकर जैनब बेगम रखा गया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़