PM मोदी ने मतदान के लिए कहा धन्यवाद, बोले- लोकतंत्र के प्रति इतना बड़ा समर्पण पूरे विश्व के लिए भरोसा जगाने वाली घटना

Narendra Modi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कोरोना के संकटकाल में बिहार के लोग अपने घरों से निकल रहे हैं, इतनी बड़ी संख्या में मतदान कर रहे हैं।

फॉरबिसगंज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना काल में बिहार विधानसभा चुनाव में अच्छी संख्या में मतदान के लिये लोगों को धन्यवाद देते हुए मंगलवार को कहा कि दुनिया के बुद्धिजीवियों और बौद्धिक संगठनों के लिये यह मूल्यांकन करने का विषय है कि भारत के लोगों के जेहन में लोकतंत्र के प्रति आस्था कितनी मजबूत है। प्रधानमंत्री ने यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘कोरोना के संकटकाल में बिहार के लोग अपने घरों से निकल रहे हैं, इतनी बड़ी संख्या में मतदान कर रहे हैं। लोकतंत्र की इतनी बड़ी ताकत, लोकतंत्र के प्रति हर बिहारी का इतना बड़ा समर्पण यह पूरे विश्व के लिए एक भरोसा जगाने वाली घटना है।’’ 

इसे भी पढ़ें: PM मोदी बोले, बिहार के लोगों ने डबल-डबल युवराजों को नकार दिया 

उन्होंने कहा कि कोरोना के इस संकटकाल में जब दुनिया भर में हड़कंप मचा है ऐसे में बिहार के लोग अपने घरों से निकल रहे हैं, इतनी बड़ी संख्या में मतदान कर रहे हैं। मोदी ने कहा कि बिहार की जनता ने देश ही नहीं पूरे विश्व को एक संदेश दिया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया के बुद्धिजीवियों और सभी थिंक टैंक के लिये यह मूल्यांकन करने का विषय है कि भारत के लोगों के जेहन में लोकतंत्र के प्रति आस्था कितनी मजबूत है। उन्होंने कहा कि बिहार में आज दूसरे चरण का मतदान चल रहा है और पहले के चुनाव से ज्यादा संख्या में लोग मतदान कर रहे हैं।

मोदी ने कहा कि देश में कई स्थानों पर आज उपचुनाव भी चल रहे हैं और ये चुनाव लोकतंत्र का बड़ा उत्सव होते हैं। उन्होंने कहा कि इस उत्सव में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेना हर नागरिक की जिम्मेदारी है और यही उज्ज्वल भविष्य की गारंटी भी है। उन्होंने कहा कि कोरोना जैसे कठिन समय में इतनी सावधानियों के साथ चुनाव कराने के लिए वह देश के चुनाव आयोग को भी बधाई देते हैं। मोदी ने कहा, ‘‘ चुनाव आयोग ने अपने कौशल से, सामर्थ्य से, निष्पक्ष भाव से आज पूरे विश्व को अचंभित कर दिया है।’’  

इसे भी पढ़ें: नीतीश ने बिहारीगंज में की रैली, शरद यादव की बेटी के खिलाफ कुछ भी बोलने से किया परहेज 

मोदी ने कहा कि वह बिहार की धरती से चुनाव आयोग, प्रशासन के कर्मचारियों और सुरक्षा बलों के जवानों का भी अभिनंदन करते हैं। गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत आज 17 जिलों की 94 सीटों के लिये मतदान हो रहा है। इसके अलावा मध्य प्रदेश सहित कुछ राज्यों में उपचुनाव हो रहे हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़