Supreme Court की अनुमति के बाद Thiruparankundram पहाड़ी पर सुरक्षा बढ़ी

Supreme Court की अनुमति के बाद Thiruparankundram पहाड़ी पर सुरक्षा बढ़ी
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

शीर्ष अदालत ने मदुरै स्थित तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर 24 नवंबर को दीप जलाने की सशर्त मंजूरी दी है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने पहाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया है। दीप प्रज्वलन के दौरान केवल मंदिर प्रशासन के अधिकृत लोगों और सरकारी अधिकारियों को ही जाने की अनुमति रहेगी।

उच्चतम न्यायालय द्वारा तिरुपरनकुंद्रम मुरुगन मंदिर की पहाड़ी पर दीपथून में कार्तिगई दीपम का दीप जलाने की अनुमति दिए जाने के बाद शुक्रवार को एहतियात के तौर पर इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कार्तिगई दीपम पर्व 24 नवंबर को मनाया जाएगा। इसे देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पहाड़ी और उसके आसपास पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।

दिसंबर 2025 में मद्रास उच्च न्यायालय की मदुरै पीठ के एकल न्यायाधीश ने दीपथून में दीपक जलाने की अनुमति दी थी। जनवरी 2026 में उच्च न्यायालय की खंडपीठ ने भी इस आदेश को बरकरार रखा था। इस निर्देश को चुनौती देते हुए तमिलनाडु सरकार और दरगाह समिति ने उच्चतम न्यायालय का रुख किया था तथा आदेश पर अंतरिम रोक लगाने की मांग की थी।

उच्चतम न्यायालय ने शुक्रवार को तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर 24 नवंबर को कार्तिगई दीपम का दीपक जलाने की एकबारगी अनुमति दे दी। न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की पीठ ने कहा कि दीप प्रज्वलन के लिए केवल देवस्थानम (मंदिर प्रशासन) के अधिकृत व्यक्तियों और सरकारी अधिकारियों को ही पहाड़ी पर जाने की अनुमति होगी। पीठ ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने का भी निर्देश दिया।

हालांकि, शीर्ष अदालत ने तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर पारंपरिक कार्तिगई दीपम का दीप जलाने की अनुमति देने वाले मद्रास उच्च न्यायालय के फैसले पर रोक लगा दी। तमिलनाडु सरकार ने बुधवार को अदालत में दलील दी थी कि दरगाह के पास स्थित पत्थर के स्तंभ पर पारंपरिक कार्तिगई दीपम का दीप जलाने की अनुमति देने से देशभर में मौजूद हजारों सर्वेक्षण स्तंभों को धार्मिक स्वरूप दिए जाने की स्थिति पैदा हो सकती है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़