Tamil Nadu Assembly में TVK सरकार का पहला Budget पेश करेंगी वित्त मंत्री Mary Wilson

Prabhasakshi Image

तमिलनाडु में तमिलगा वेत्री कषगम सरकार बुधवार सुबह 10 बजे विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-2027 का बजट पेश करेगी। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के मार्गदर्शन में तैयार इस बजट में 'वेत्री तमिलगम' नाम से एक दृष्टि-पत्र भी जारी किया जा सकता है। दूसरी ओर अभिनेता और द्रमुक नेता उदयनिधि स्टालिन की गिरफ्तारी के खिलाफ विपक्ष विधानसभा सत्र के बहिष्कार की योजना बना रहा है।

चेन्नई, पांच अगस्त तमिलनाडु में तनावपूर्ण राजनीतिक माहौल के बीच तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के नेतृत्व वाली राज्य सरकार बुधवार को विधानसभा में अपना पहला बजट पेश करेगी। बजट सुबह 10 बजे विधानसभा में पेश किया जाएगा। राज्य के वित्त मंत्री एन. मैरी विल्सन वित्त वर्ष 2026-2027 के लिए बजट पेश करेंगे।

मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने पहले ही निर्देश दिया था कि यह बजट मिसाल कायम करने वाला होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने गहन समीक्षा के बाद तमिलनाडु की मौजूदा वित्तीय स्थिति को ध्यान में रखते हुए बजट के लिए कुछ अहम घोषणाओं को अंतिम रूप दिया है। ‘‘वेत्री तमिलगम’’ (समृद्ध तमिलनाडु) नाम से एक दृष्टि-पत्र जारी किए जाने की भी संभावना है।

खबरों के मुताबिक विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन की गिरफ्तारी के विरोध में द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के विधायक बजट सत्र का बहिष्कार कर सकते हैं। लोकप्रिय अभिनेत्री तृषा कृष्णन के बारे में कथित तौर पर द्विअर्थी टिप्पणी करने और उनकी गरिमा को ठेस पहुंचाने के मामले में उदयनिधि को मंगलवार को चेन्नई में गिरफ्तार किया गया था और पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें तंजावुर में जमानत पर रिहा कर दिया था।

All the updates here:

अन्य न्यूज़