Maharashtra Karnataka Dispute Part VII | इन 8 राज्यों में भी है सीमा विवाद, जानें आखिर क्या है मसला

Maharashtra Karnataka Dispute Part VII
prabhasakshi
अभिनय आकाश । Jan 28 2023 4:51PM

वैसे अंतरराज्यीय सीमा विवाद के महाराष्ट्र और कर्नाटक वाले विवाद से तो आप अभी परिचित है। लेकिन क्या आपको पता है कि इन दोनों राज्यों के अलावा भी कई और राज्य हैं जिनके बीच सीमा विवाद चल रहा है। आइए जानते हैं कौन से हैं ये राज्य और इनमें क्या मसला है?

इन दिनों महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच सीमा विवाद काफी सुर्खियों में है। अप्रैल और मई में कर्नाटक विधानसभा का चुनाव भी होना है। दोनों ही राज्यों में बीजेपी की सरकार है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी इस मुद्दे पर महाराष्ट्र के सीएम और कर्नाटक से मुख्यमंत्री संग बैठक कर चुके हैं। वैसे अंतरराज्यीय सीमा विवाद के महाराष्ट्र और कर्नाटक वाले विवाद से तो आप अभी परिचित है। लेकिन क्या आपको पता है कि इन दोनों राज्यों के अलावा भी कई और राज्य हैं जिनके बीच सीमा विवाद चल रहा है। आइए जानते हैं कौन से हैं ये राज्य और इनमें क्या मसला है?

इसे भी पढ़ें: Maharashtra Karnataka Dispute Part VI | क्या कहता है अनुच्छेद 3 और अनुच्छेद 131, जिसके सहारे दोनों राज्य कर रहे अपना-अपना दावा?

देश में कहां-कहां है सीमा विवाद, सरकार ने संसद में दी जानकारी

केंद्र सरकार ने बताया कि हरियाणा-हिमाचल प्रदेश, लद्दाख संघ राज्य क्षेत्र-हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र-कर्नाटक और असम-अरुणाचल प्रदेश, असम-नागालैंड, असम-मेघालय और असम-मिज़ोरम के बीच सीमाओं के निर्धारण के चलते सीमा विवाद पैदा हुए हैं और उनके बीच क्षेत्र संबंधी दावे और प्रति दावे किए गए हैं। लोकसभा में हाजी फजलुर रहमान के प्रश्न के लिखित उत्तर में गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने यह जानकारी दी। गृह राज्य मंत्री ने कहा कि कुछ विवादित सीमावर्ती क्षेत्रों में यदा-कदा विरोध और वहां हिंसा की घटनाओं की रिपोर्ट मिली हैं।

हरियाणा-हिमाचल प्रदेश: इन दोनों राज्यों के बीच पंचकुला से सटे परवाणू क्षेत्र को लेकर के विवाद चल रहा है। 2021 में दोनों राज्यों की संयुक्त स्थलीय निरीक्षण रिपोर्ट केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेजी गई थी।

असम-मिजोरम: कछार, हैलाकंद और करीमगंज के इलाकों को लेकर दोनों के बीच सीमा विवाद है। जुलाई, 2021 में असम और मिजोरम की सीमा पर खूनी संघर्ष भी देखने को मिला था। 

लद्दाख-हिमाचल प्रदेश: लेह और मनाली के बीच के मार्ग पर एक क्षेत्र सरचू पर दोनों राज्य अपना-अपना दावा करते हैं। असम-अरुणाचल प्रदेश: 800 किलोमीटर से ज्यादा की सीमा साझा करने वाले दोनों राज्यों के बीच 86 गावों को लेकर विवाद है। 

असम-मेघालय: दोनों राज्य आपस में 733 किलोमीटर की सीमा साझा करते हैं और यहां 12 स्थान ऐसे हैं जिनको लेकर विवाद है। 2021 में दोनों राज्यों के सीएम के बीच इसको लेकर बैठक भी हुई थी। लेकिन वो बेनतीजा रही। 

असम-नगालैंड: 434 किलोमीटर का सीमा क्षेत्र साझा करने वाले राज्यों के बीच गोलाघाट, जोरहाट और सिबसागर को लेकर विवाद है। 1989 में असम ने सीमा विवाद के संबंध में सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी, जिस पर अभी तक फैसला नहीं आया है।

केरल और तमिलनाडु: तमिलनाडु के नौ जिले केरल के साथ सीमा साझा करते हैं, जिसको लेकर विवाद है। 

ओडिशा और आंध्र प्रदेश: कोटिया ग्राम पंचायत को लेकर दोनों राज्यों के बीच विवाद पांच दशकों से भी पुराना है। 

इसे भी पढ़ें: Maharashtra Karnataka Dispute Part V | ठंड का मौसम शुरू होते ही क्यों आपस में भिड़ जाते हैं कर्नाटक और महाराष्ट्र?

केंद्र का क्या रुख रहा है?

इस पर सरकार ने अपना नजरिया बना रखा है। इंटर स्टेट विवाद केवल संबंधित राज्य सरकारों के सहयोग से सुलझे और विवाद का सौहार्दपूर्ण समाधान परस्पर समझ की भावना से हो। इसमें केंद्र सरकार केवल सर्विस प्रोवाइडर की भूमिका में रहे। 

महाराष्ट्र कर्नाटक सीमा विवाद के आखिरी भाग में आपको बताएंगे कि बॉर्डर विवाद मामले में महाराष्ट्र सरकार का वकील कौन है? 

Maharashtra Karnataka Dispute Part VIII (End): जानें बॉर्डर विवाद मामले में कौन है महाराष्ट्र सरकार का वकील?

 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़