बिहार में कानून व्यवस्था पर तेजस्वी यादव का तीखा हमला, कहा- राज्य में अपराध रोकने में सरकार पूरी तरह विफल

Prabhasakshi Image

राजद नेता तेजस्वी यादव ने बिहार में हत्या और अपहरण जैसी बढ़ती वारदातों पर चिंता जताई है। उन्होंने सरकार पर पुलिस और माफियाओं की साठगांठ का आरोप लगाते हुए कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य की वर्तमान कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में हत्या, बलात्कार, अपहरण और लूट जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार अपनी विफलताओं को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं है।

सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपनी बात रखते हुए यादव ने कहा कि बिहार में छात्र, युवा, कारोबारी और महिलाएं असुरक्षित हैं और उनकी सरेआम हत्या की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस और अपराधियों का कथित गठजोड़ बिहार के लोगों के लिए नासूर बन चुका है। यादव के मुताबिक, राजग नेताओं, पुलिस और माफियाओं की कथित सांठगांठ से भ्रष्टाचार और शराब तस्करी फल-फूल रही है और सरकार का सुरक्षा पर कोई ध्यान नहीं है।

राजद नेता ने राजधानी पटना के एक बेहद व्यस्त इलाके से एक युवक के कथित अपहरण और बाद में उसकी हत्या की घटना का जिक्र करते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इतनी महत्वपूर्ण जगह पर ऐसी वारदात होना चिंताजनक है।

इस बीच, तेजस्वी यादव की बहन रोहिणी आचार्य ने भी सोशल मीडिया के जरिए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि पटना जंक्शन और महावीर मंदिर के पास से बंटी यादव का सात-आठ लोगों ने सरेआम अपहरण कर लिया। रोहिणी ने कहा कि इतने भीड़भाड़ वाले इलाके में ऐसी वारदात होना यह दर्शाता है कि अपराधियों में पुलिस का कोई खौफ नहीं बचा है और राज्य की सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में है। हालांकि, इन आरोपों पर सरकार की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़