RJD ने नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण समारोह का किया बहिष्कार, कहा- बदलाव का जनादेश NDA के विरुद्ध है

Tejashwi Yadav

विपक्षी पार्टी ने राजग पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया कि बिहार के बेरोजगारों, किसानों, संविदाकर्मियों और नियोजित शिक्षकों से पूछिए कि उन पर क्या गुजर रही है।

पटना। बिहार में विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करने के लिए सोमवार शाम को आयोजित होने वाले कार्यक्रम का बहिष्कार करेगा। राजद के ट्वीट किया, ‘‘राजद शपथ ग्रहण का बहिष्कार करता है। बदलाव का जनादेश राजग के विरुद्ध है। जनादेश को शासनादेश से बदल दिया गया।’’ विपक्षी पार्टी ने राजग पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया, ‘‘बिहार के बेरोजगारों, किसानों, संविदाकर्मियों और नियोजित शिक्षकों से पूछिए कि उन पर क्या गुजर रही है। राजग के फर्जीवाड़े से जनता आक्रोशित है। हम जन प्रतिनिधि हैं और जनता के साथ खड़े हैं। ’’ 

इसे भी पढ़ें: 7वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे नीतीश कुमार, अमित शाह और जेपी नड्डा रहेंगे मौजूद 

गौरतलब है कि नीतीश कुमार सोमवार को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथग्रहण समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा सहित भाजपा के शीर्ष नेता मौजूद रहेंगे। हाल में सम्पन्न हुए बिहार विधानसभा चुनाव में राजग को 125 सीटें हासिल हुई थीं जबकि विपक्षी महागठबंधन को 110 सीटें मिली थी। विपक्षी राजद को 75 सीटों पर जीत मिली थीं। भाजपा को 74 सीटें और जदयू को 43 सीटें हासिल हुई थी। 

इसे भी पढ़ें: सुशील मोदी नहीं बनेंगे बिहार के उप-मुख्यमंत्री, तारकिशोर चुने गए विधानमंडल दल के नेता 

राजद ने एक अन्य ट्वीट किया, ‘‘बिहार में दो मजबूरों की मजबूर सरकार बन रही है। एक शक्तिविहीन, शिथिल और भ्रष्ट प्रमाणित हो चुके मजबूर मुख्यमंत्री और दूसरा चेहरा विहीन एवं तन्त्र प्रपंच को मजबूर वरिष्ठ घटक दल।’’ लालू प्रसाद की पार्टी ने कहा, ‘‘इनकी मजबूरी का कारण राजद का जनाधार और बिहार के लोगों द्वारा तेजस्वी यादव को अपना सर्वाधिक प्रिय नेता स्वीकार कर लेना है।’’ राजद ने अपने ट्वीट में नीतीश कुमार पर भी तंज किया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़