हैदराबाद में Rahul Gandhi के विरोध से पहले N Ramchander Rao समेत कई भाजपा नेता नजरबंद

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हैदराबाद दौरे के खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने से रोकने के लिए भाजपा की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष एन. रामचंदर राव और अन्य नेताओं को कथित तौर पर नजरबंद कर दिया गया। राव ने इस कार्रवाई को गैरकानूनी बताते हुए राज्य सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन का आरोप लगाया है। पार्टी ने इस कदम का कड़ा विरोध करते हुए हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं की तत्काल रिहाई की मांग की है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने दावा किया है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हैदराबाद दौरे के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने से रोकने के लिए उन्हें और पार्टी के अन्य नेताओं को नजरबंद कर दिया गया है। राव ने शनिवार को एक बयान में कहा कि नजरबंद करने का कदम गैरकानूनी है और इससे लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करने के उनके अधिकार का हनन होता है। उन्होंने कहा कि वह चुनावी वादे पूरे नहीं करके लोगों को कथित तौर पर धोखा देने वाली कांग्रेस के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की ओर से शहर में आयोजित भारत समिट (भारत शिखर सम्मेलन) के खिलाफ प्रदर्शन करना चाहते थे।

राव ने कहा, कांग्रेस हमेशा लोकतंत्र और संविधान की दुहाई देती है, लेकिन कांग्रेस शासित तेलंगाना में विपक्षी नेताओं को नजरबंद करके वह खुलेआम लोकतंत्र और संविधान की भावना को कुचल रही है। उन्होंने दो दिवसीय भारत समिट को भारत विरोधी समिट भी करार दिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि इस शिखर सम्मेलन की आड़ में कांग्रेस राष्ट्र विरोधी ताकतों को ला रही है, जिसका भाजपा विरोध कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस तेलंगाना में करदाताओं की मेहनत की कमाई बर्बाद कर रही है और शहर में भारत समिट आयोजित करके राहुल गांधी को फिर से राजनीति में स्थापित करने की कोशिश कर रही है। भाजपा की तेलंगाना इकाई के मुख्य प्रवक्ता एन. सुभाष ने मांग की कि सरकार राव की नजरबंदी समाप्त करे और भाजपा तथा भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के उन कार्यकर्ताओं को भी रिहा करे जिन्हें कथित तौर पर गैरकानूनी तरीके से हिरासत में लिया गया है। राव को नजरबंद किए जाने के उनके दावे पर पुलिस या राज्य सरकार की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।

राहुल गांधी भारत समिट को संबोधित करने और गिग श्रमिकों (अस्थायी या काम के आधार पर सेवाएं देने वाले श्रमिक) की एक रैली में शामिल होने के लिए शहर में थे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़