Kulgam में सुरक्षा बलों की मुठभेड़: CRPF पर हमले में शामिल आतंकी उमर डार ढेर

दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ के दौरान आतंकवादी उमर डार को मार गिराया है। यह आतंकी पिछले हफ्ते सीआरपीएफ के जवानों पर हुए हमले में शामिल था। गोलीबारी शुरू होने से पहले जवानों ने पास के दो स्कूलों से बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला, जबकि दूसरे आतंकी लतीफ भट्ट की तलाश जारी है।
(फोटो के साथ) श्रीनगर, 16 नवंबर दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में पिछले हफ्ते केद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों पर हुए हमले में शामिल रहे एक आतंकवादी को मुठभेड़ में मार गिराया गया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी लतीफ भट्ट की तलाश शुरू कर दी है, जिसके शुरुआती घेराबंदी से बच निकलने की आशंका है।
अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि हमले में संदिग्ध रूप से शामिल रहे दो युवक कुलगाम में लारू बाईपास के पास घूम रहे हैं जिसके बाद सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह(एसओजी) ने वहां घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों के अनुसार सुरक्षा बलों की हलचल देखकर, दोनों संदिग्ध एक नजीदीकी सेब के बाग के पास स्कूलों की ओर भाग गए, जहां उस समय विद्यार्थी मौजूद थे। अधिकारियों के मुताबिक, सूचना मिलने पर पास की सेना की इकाइयों और सीआरपीएफ ने भी इस अभियान में हिस्सा लिया तथा इलाके की घेराबंदी कर दी।
अधिकारियों ने बताया कि उनकी पहली प्राथमिकता दोनों स्कूलों से बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालना था ताकि आम लोगों को कोई नुकसान न पहुंचे। इस प्रक्रिया में लगभग 90 मिनट का समय लगा। अधिकारियों के अनुसार, इलाके से आम लोगों को हटाए जाने के बाद सुरक्षा बलों ने अभियान शुरू किया तथा इस दौरान अर्रे गांव के रहने वाले उमर डार को मार गिराया।
अधिकारियों का कहना है कि डार 11 नवंबर से अपने घर से लापता था—11 नवंबर को ही सीआरपीएफ जवानों पर हमला हुआ था। अधिकारियों ने बताया कि पहले भी पथराव की घटना में शामिल रहा डार को हमले के बाद सीसीटीवी फुटेज में भट्ट के साथ भागते हुए देखा गया था। इस हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गए थे।
अधिकारियों ने कहा कि भट्ट का अब तक पता नहीं चल पाया है और माना जा रहा है कि उसे गोली लगी है। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने उसे खोजने की कोशिशें तेज कर दी हैं और बाग के आसपास के कई इलाकों की घेराबंदी कर दी है।
अन्य न्यूज़














