कश्मीर में बढ़ा ठंड का असर, श्रीनगर में रही सबसे सर्द रात

[email protected] । Jan 14 2017 4:35PM

कश्मीर और लद्दाख क्षेत्रों के कई स्थानों पर पारा नीचे चले जाने के कारण रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की गयी है। श्रीनगर में मौसम का अब तक की सबसे सर्द रात रही।

श्रीनगर। कश्मीर और लद्दाख क्षेत्रों के कई स्थानों पर पारा नीचे चले जाने के कारण रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की गयी है। श्रीनगर में मौसम का अब तक की सबसे सर्द रात रही। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि जम्मू एवं कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

उन्होंने बताया कि शहर में मौसम की अब तक की सबसे सर्द रात रही। इससे पहले यहां 21 दिसंबर को रात में सबसे कम तापमान शून्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था। अधिकारी ने बताया कि रात का तापमान मौसम की इस समयावधि के दौरान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि पांच साल के बाद शहर में पहली बार जनवरी की रात में इतनी सर्दी रही है। 2012 में, श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 7.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था।

शुक्रवार रात ठंड के कारण शहर और अन्य जगहों पर पानी आपूर्ति पाइपों और यहां की मशहूर डल झील सहित विभिन्न जलाशयों में पानी जम गया। अधिकारी ने बताया कि उत्तर कश्मीर के मशहूर स्की रिसोर्ट गुलमर्ग में मौसम की सबसे सर्द रात रही। यहां का न्यूनतम तापमान शून्य से 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि दक्षिण कश्मीर में कोकेरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से 8.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। लद्दाख क्षेत्र में लेह शहर जम्मू कश्मीर में सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां का न्यूनतम तापमान शून्य से 17.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। अधिकारी ने बताया कि नजदीकी शहर करगिल का न्यूनतम तापमान शून्य से 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आज से बर्फबारी और बारिश होने की संभावना व्यक्त की है।

We're now on WhatsApp. Click to join.

Tags

    All the updates here:

    अन्य न्यूज़