Chennai के Stanley Hospital के शवगृह में Reels बनाने पर तीन गिरफ्तार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

चेन्नई के सरकारी अस्पताल के शवगृह में अवैध रूप से घुसकर वीडियो रिकॉर्ड करने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को पकड़ा है। आरोपियों ने 200 रुपये देकर चाबी ली थी और अपने सहयोगी का शव देखने के दौरान यह कृत्य किया। अस्पताल प्रशासन की शिकायत पर कार्रवाई के बाद आरोपियों को अदालत से जमानत मिल गई।

चेन्नई के सरकारी स्टेनली अस्पताल के शवगृह में कथित तौर पर अवैध रूप से प्रवेश कर सोशल मीडिया रील के लिए शवों के वीडियो बनाने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, व्यासरपाड़ी निवासी सतीशकुमार (25) और धीना उर्फ दिनेशकुमार (30) बृहस्पतिवार को एर्नावुर के रहने वाले अपने सहयोगी और कुख्यात अपराधी आनंद का शव देखने अस्पताल गए थे। पुलिस ने बताया कि धीना तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) पार्टी से जुड़ा हुआ है।

निषिद्ध क्षेत्र में जाने के लिए दोनों ने कथित तौर पर व्यासरपाड़ी शंकर के जरिए शवगृह के कर्मचारी श्रीनिवासन को 200 रुपये देकर शवगृह की चाबी हासिल की। शंकर अस्पताल में बैटरी चालित वाहन चलाने का काम करता है। अस्पताल के कर्मचारियों ने दोनों को परिसर के अंदर वीडियो रिकॉर्ड करते हुए देखा और तुरंत चिकित्सा अधिकारियों को इसकी सूचना दी।

इसके बाद डॉ. मलर ने अस्पताल पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई जिसके आधार पर पुलिस ने सतीशकुमार, धीना और शंकर को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपियों को उसी दिन मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई।

All the updates here:

अन्य न्यूज़