ओडिशा के Keonjhar में जाहिरा पर हमले के खिलाफ संथाली आदिवासियों का बड़ा प्रदर्शन

ओडिशा के Keonjhar में जाहिरा पर हमले के खिलाफ संथाली आदिवासियों का बड़ा प्रदर्शन
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

ओडिशा के क्योंझर जिले में संथाल समुदाय के पवित्र पूजा स्थल जाहिरा पर 23 अक्टूबर को हुए हमले के विरोध में बुधवार को सैकड़ों आदिवासियों ने प्रदर्शन किया। माझी परगना महल और मिलिता आदिवासी कल्याण मंच के आह्वान पर जुटे प्रदर्शनकारियों ने भाजपा सरकार में उपेक्षा और असुरक्षा का आरोप लगाया। इस प्रदर्शन को विपक्षी बीजद ने भी अपना समर्थन दिया है।

ओडिशा के क्योंझर जिले में संथाल समुदाय के पूजा स्थल जाहिरा पर हुए हमले के विरोध में सैकड़ों आदिवासियों ने बुधवार को प्रदर्शन किया। माझी परगना महल और मिलिता आदिवासी कल्याण मंच के संयुक्त आह्वान पर संथाल समुदाय के बड़ी संख्या में पुरुष और महिलाएं एकत्र हुए। विपक्षी बीजू जनता दल (बीजद) ने आदिवासियों के इस विरोध प्रदर्शन का समर्थन किया।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के शासन में वे लगातार खुद को असुरक्षित और उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने आदिवासी समुदाय के सदस्यों और उनके पवित्र पूजा स्थलों पर हमले होने देकर उनकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। आरोप है कि कुछ उपद्रवियों ने 23 अक्टूबर को क्योंझर जिले के घासीपुरा इलाके के बसंतपुरा गांव में एक जाहिरा पर उस समय हमला किया, जब संथाल समुदाय के सदस्य अपने पवित्र पूजा स्थल पर धार्मिक अनुष्ठान कर रहे थे।

उन्होंने आरोप लगाया कि बजरंग दल से जुड़े कुछ लोग पवित्र परिसर में घुस आए और वहां तोड़फोड़ की। आरोप है कि उन्होंने वहां मौजूद आदिवासी महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार भी किया और बुजुर्ग पुरुषों, महिलाओं तथा युवाओं पर हमला किया। पुलिस ने इस मामले में बजरंग दल के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

बीजद नेता और पूर्व मंत्री सुदाम मरांडी ने कहा कि पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल के बसंतपुरा गांव का दौरा करने और आदिवासी समुदाय के सदस्यों से बातचीत करने तक पुलिस कई दिनों तक चुप रही। मरांडी ने संवाददाताओं से कहा कि हालांकि, पुलिस अब तक इस घटना में शामिल मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में विफल रही है। मरांडी ने यह भी आरोप लगाया कि क्योंझर जिले के अलावा सुंदरगढ़ जिले में भी बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आदिवासी युवाओं पर संगठित तरीके से हमले किए।

उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायतें दर्ज कराए जाने के बावजूद पुलिस उचित कार्रवाई करने में विफल रही है। मरांडी ने कहा, “यह बेहद निंदनीय है कि आदिवासी समुदाय लगातार असुरक्षित बना हुआ है, जबकि ओडिशा के मुख्यमंत्री आदिवासी समुदाय से हैं और केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री भी ओडिशा से हैं।”

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़