Mumbai Police ने Tushar Gandhi को हिरासत में लिया, अगस्त क्रांति मैदान में होना था प्रदर्शन

Mumbai Police ने Tushar Gandhi को हिरासत में लिया, अगस्त क्रांति मैदान में होना था प्रदर्शन
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

मुंबई पुलिस ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे सामाजिक कार्यकर्ता तुषार गांधी को शनिवार को बांद्रा से हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार गामदेवी थाने से इस कार्यक्रम की कोई अनुमति नहीं ली गई थी और यह कार्रवाई एहतियातन की गई। शिवसेना यूबीटी नेता संजय राउत ने इस पुलिस कार्रवाई का कड़ा विरोध किया है।

मुंबई पुलिस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दिल्ली में आहूत कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रदर्शन के समर्थन में शनिवार को यहां अगस्त क्रांति मैदान में प्रदर्शन की तैयारी कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता तुषार गांधी और उनके समर्थकों को हिरासत में ले लिया। एक अधिकारी ने बताया कि महात्मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी को बांद्रा से हिरासत में लेकर डीएन नगर पुलिस थाने ले जाया गया। ‘हम भारत के लोग’ संगठन के प्रमुख तुषार गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्टर साझा कर नागरिकों से अपराह्न साढ़े तीन बजे अगस्त क्रांति मैदान में विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की थी।

सामाजिक कार्यकर्ता फिरोज मीठीबोरवाला को भी उनके आवास से हिरासत में लेकर एमआईडीसी पुलिस थाने ले जाया गया। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता संजय राउत ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘महात्मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी को तानाशाही के खिलाफ प्रदर्शन करने के कारण मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर डीएन नगर पुलिस थाने में रखा है। वह दूसरे स्वतंत्रता संग्राम में शामिल होने वाले थे।

मैं इस गिरफ्तारी की निंदा करता हूं। मोदी सरकार कायर है। मैं और आदित्य ठाकरे डीएन नगर के लिए रवाना हो रहे हैं।

तानाशाही के खिलाफ यह लड़ाई जारी रहेगी।’’ प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) रागसुधा आर. ने कहा कि इस कार्यक्रम के संबंध में गामदेवी पुलिस थाने में कोई आवेदन नहीं दिया गया था और न ही प्रदर्शन के लिए कोई आधिकारिक अनुमति दी गई थी। अधिकारियों ने बताया कि मुंबई उच्च न्यायालय के एक आदेश के अनुसार, अगस्त क्रांति मैदान विरोध प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थल नहीं है और इसी के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियाती कार्रवाई की गई। कॉजपा ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाता सूची में कथित हेरफेर और मतदाता पंजीकरण के लिए इस्तेमाल होने वाले प्रपत्र-6 से संबंधित बदलावों को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़