Delhi: Anand Vihar रेस्तरां में युवक से जबरन भारी बिल भरवाने के आरोप में दो गिरफ्तार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

शाहदरा पुलिस ने एक युवक को जाल में फंसाकर रेस्तरां में 21 हजार रुपये का बिल थमाने और मारपीट कर पैसे वसूलने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पीड़ित को सोशल मीडिया पर मिली एक अज्ञात महिला ने कड़कड़डूमा बुलाया था, जहां से वह उसे आनंद विहार के केसर फाइन डाइनिंग रेस्तरां ले गई। पुलिस अब गिरोह से जुड़ी महिला की तलाश कर रही है।

दिल्ली के शाहदरा जिले में सोशल मीडिया के जरिए एक युवक को आनंद विहार के एक रेस्तरां में बुलाकर कथित तौर पर उससे ऊंचे बिल का भुगतान कराने और मारपीट करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अमन गुर्जर (28) और मोहम्मद अरशदुल्लाह आलम (28) के रूप में हुई है।

शाहदरा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि 14 सितंबर को पीड़ित रामकृष्ण (28) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि व्हाट्सऐप के जरिए संपर्क में आई एक अज्ञात महिला ने उसे कड़कड़डूमा मेट्रो स्टेशन बुलाया और वहां से आनंद विहार स्थित ‘केसर फाइन डाइनिंग’ नामक रेस्तरां ले गई जहां उसे करीब 21,000 रुपये का ऊंचा बिल थमा दिया गया और इतने बिल का भुगतान करने से मना करने पर उसके साथ मारपीट की गई व डराया-धमकाया गया। उनके मुताबिक, दबाव में आकर पीड़ित ने 8,000 रुपये नकद और 6,000 रुपये यूपीआई के जरिए स्थानांतरित किए। इसके बाद आरोपियों ने उसका एटीएम कार्ड छीन लिया और कथित रूप से उसका पिन पता लगाकर 11,000 रुपये और निकाल लिए तथा पुलिस के पास न जाने की धमकी देते हुए 25,000 रुपये अतिरिक्त मांगे।

पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर आनंद विहार थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान अमन ने बताया कि वह रेस्तरां में बाउंसर का काम करता था, जबकि आलम भी वहां कार्यक्रमों के आयोजन करता था। मीणा ने बताया कि गिरोह में शामिल महिला की पहचान और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं जो पीड़ितों को अपने जाल में फंसाकर लाती थी।

मामले में आगे की जांच की जा रही है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़