Faridabad में बंधक बनाकर फिरौती मांगने वाले दो बदमाश गिरफ्तार

फरीदाबाद में एक व्यक्ति का बंदूक के बल पर अपहरण कर सात दिनों तक बंधक बनाने और पांच लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा है। पीड़ित ने चुपके से परिजनों को अपनी लोकेशन भेज दी थी जिसके बाद पुलिस ने उसे सकुशल छुड़ाया। पल्ला थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फरीदाबाद में दो व्यक्तियों ने बंदूक के बल पर एक व्यक्ति का कथित तौर पर अपहरण कर उसे सात दिनों तक बंधक बनाकर रखा और उसके परिवार से पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोप है कि उन्होंने पीड़ित से मारपीट की, उसके गुप्तांग पर पेट्रोल छिड़का और उसे पेट्रोल पीने के लिए भी मजबूर किया। हालांकि, पीड़ित किसी तरह परिजन को अपनी लोकेशन भेजने में सफल रहा, जिन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद युवक के परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे तथा उसे बचाया।
पुलिस के मुताबिक, तब तक सभी आरोपी मौके से फरार हो चुके थे, लेकिन बाद में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान दीपक उर्फ काले और लकी के रूप में हुई है। दोनों दिल्ली के अली गांव के निवासी हैं।
एक अधिकारी ने बताया कि पल्ला पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अन्य न्यूज़














