नगालैंड के मोकोकचुंग में बारिश के बाद हुए भूस्खलन से दो भाइयों की मौत, मां को सुरक्षित निकाला गया

Prabhasakshi Image

नगालैंड के मोकोकचुंग जिले में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन की चपेट में आने से दो भाइयों की मौत हो गई। इस हादसे में उनकी मां घायल हो गईं, जिन्हें मलबे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मलबे से शव बरामद किए।

कोहिमा, 30 जुलाई नगालैंड के मोकोकचुंग जिले में भूस्खलन की चपेट में आने से दो भाइयों की मौत हो गई और उनकी मां घायल हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह घटना बुधवार तड़के अपर पेनली वार्ड में उस समय हुई, जब बारिश के कारण हुए भूस्खलन की चपेट में एक मकान आ गया।

उन्होंने बताया कि राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), जिला प्रशासन, पुलिस, पेनली वार्ड कॉलोनी परिषद और स्थानीय स्वयंसेवकों की संयुक्त टीम ने मलबे से दोनों लड़कों के शव बरामद किए। अधिकारी ने बताया कि उनकी मां कमर तक कीचड़ में फंसी हुई थीं। हालांकि, उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

उन्होंने बताया कि जिस किराए के मकान में वे रह रहे थे, उसके ऊपर बनी सुरक्षा दीवार रातभर हुई बारिश के कारण ढह गई। अधिकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान मुवालोंग सांगतम (19) और थ्रिदिबा सांगतम (16) के रूप में हुई है। दोनों मोकोकचुंग के क्वीन मैरी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्र थे।

उन्होंने बताया कि उक्त तीनों व्यक्ति तुएनसांग जिले के अलीसोपुर गांव के निवासी हैं।

All the updates here:

अन्य न्यूज़