सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय में फर्जी डिग्री और मार्कशीट बेचने के आरोप में लेखा विभाग का कर्मचारी निलंबित

Prabhasakshi Image

सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय के लेखा विभाग में कार्यरत रमेश मुखेकर पर एक छात्र से बी.कॉम की फर्जी मार्कशीट और डिग्री प्रमाणपत्र देने के एवज में 70,000 रुपये लेने का आरोप है। मामला सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने आरोपी कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही पुलिस थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई है।

पुणे, 30 जुलाई सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय ने एक छात्र से पैसे लेकर उसे बी.कॉम की फर्जी अंकतालिका और डिग्री प्रमाणपत्र देने के आरोप में अपने एक कर्मचारी को निलंबित करने के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। विश्वविद्यालय ने बुधवार को जारी एक बयान में कहा कि उसे शिकायत मिली थी कि लेखा विभाग में कार्यरत रमेश मुखेकर ने एक छात्र से कथित तौर पर 70,000 रुपये लिए और उसे असली डिग्री प्रमाणपत्र तथा अंकतालिका दिलाने का वादा किया।

मुखेकर ने छात्र को व्हाट्सऐप पर कथित तौर पर दस्तावेजों की तस्वीरें भेजीं। ये दस्तावेज देखने में असली लग रहे थे लेकिन वास्तव में फर्जी थे। विश्वविद्यालय ने कहा, ‘‘यह कर्मचारी विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग से संबद्ध नहीं है।

उसके द्वारा तैयार किए गए और व्हाट्सऐप पर साझा किए गए दस्तावेज परीक्षा विभाग के आधिकारिक रिकॉर्ड से मेल नहीं खाते।’’ बयान में कहा गया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए विश्वविद्यालय ने मुखेकर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। विश्वविद्यालय ने बताया कि परीक्षा एवं मूल्यांकन मंडल के निदेशक डॉ. राजेंद्र तलवारे ने चतुश्रृंगी पुलिस थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। बयान में कहा गया, ‘‘पुलिस जांच के दौरान अपराध में शामिल पाए जाने वाले हर व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।’’ हालांकि, बयान में यह स्पष्ट नहीं किया गया कि छात्र के खिलाफ कोई कार्रवाई की जाएगी या नहीं।

All the updates here:

अन्य न्यूज़