Election Commission के खिलाफ विपक्ष का प्रदर्शन हताशा का नतीजा: भागीरथ चौधरी

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ दिल्ली में हुए प्रदर्शन को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा। रांची पहुंचे मंत्री ने कहा कि विपक्षी दलों के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है और वे जनता में भ्रम फैलाने के लिए बेबुनियाद बयान दे रहे हैं।

रांची, आठ अक्टूबर केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दिल्ली में प्रदर्शन करने के लिए कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्ष की बृहस्पतिवार को आलोचना की और दावा किया कि ये प्रदर्शन उसकी ‘‘हताशा का परिणाम’’ हैं। चौधरी भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के भारतीय कृषि जैव प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईएबी) में कई सुविधाओं का उद्घाटन करने के लिए बृहस्पतिवार सुबह रांची पहुंचे। चौधरी ने रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से कहा, ‘‘विपक्ष के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है।

वे हताश और निराश हैं। यही कारण है कि वे विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं और बेबुनियाद बयान दे रहे हैं। उनके विरोध प्रदर्शन हताशा का परिणाम हैं।’’ लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी वाद्रा ने अन्य नेताओं के साथ बुधवार को मध्य दिल्ली में शांगरी-ला होटल के पास एक गोल चक्कर पर धरना दिया था।

इसके बाद दिल्ली पुलिस ने उन्हें जबरन वहां से हटाकर हिरासत में ले लिया था। गांधी और अन्य सांसद एवं नेता बसों में सवार होकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन स्थल की ओर जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद उन्होंने गोल चक्कर पर ही धरना शुरू कर दिया।

इस दौरान प्रियंका गांधी संविधान की एक प्रति लेकर अन्य महिला नेताओं के साथ सड़क पर लेट गईं। केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री चौधरी ने कहा कि देश की जनता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ है क्योंकि उन्होंने ‘‘पिछले 12 वर्ष में बहुत काम किया है।’’ मंत्री ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री का काम ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के सिद्धांतों पर आधारित है। विपक्ष को कुछ न कुछ बहाना चाहिए, इसलिए वह बेबुनियाद बयान दे रहा है।’’ उन्होंने दावा किया कि देश की प्रगति के कारण दुनिया भर में भारत की प्रतिष्ठा और सम्मान बढ़ा है तथा गरीबों और आम लोगों के कल्याण के लिए प्रयास किए गए हैं।

चौधरी ने कहा, ‘‘विपक्ष को जनता का विश्वास जीतने का प्रयास करना चाहिए। इसके बजाय विपक्षी नेता गैरजिम्मेदाराना बयानबाजी करते हैं। वे लगातार अपना रुख बदलते हैं, नए-नए बयान देते हैं और नए मुद्दे उठाने की कोशिश करते हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़