Mathura में CM Yogi Adityanath ने गोपाष्टमी पर की गोसेवा, 12 यूनिट डायलिसिस केंद्र का किया शुभारंभ

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोपाष्टमी के पावन अवसर पर मथुरा के परखम गांव पहुंचकर विधि-विधान से गो पूजन किया। इस दौरान उन्होंने ब्रह्मलीन संत पद्मश्री रमेश बाबा को श्रद्धांजलि अर्पित की और बरसाना में 12 यूनिट वाले निःशुल्क डायलिसिस केंद्र की शुरुआत की।

(फोटो के साथ) मथुरा (उप्र) 17 नवम्बर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोपाष्टमी के अवसर पर यहां फरह ब्लॉक के परखम गांव स्थित गो ग्राम पहुंचकर गायों की विशेष पूजा-अर्चना की। अपनी निर्धारित बैठक से पहले मुख्यमंत्री ने यहां गायों का पूरे विधि-विधान से पूजन किया। उन्होंने गायों को तिलक लगाया, माला पहनाई और अपने हाथों से गुड़ एवं हरा चारा खिलाया।

इस दौरान उन्होंने सींगों पर मोरपंख बांधकर सजाई गई एक सुंदर देसी गाय की आरती उतारी और पुष्प वर्षा कर आशीर्वाद लिया। मान्यता है कि गोपाष्टमी के दिन ही भगवान श्रीकृष्ण ने पहली बार गाय चराना शुरू किया था, इसलिए ब्रज में इस पर्व का विशेष महत्व है। एक बयान के मुताबिक गो पूजन से पहले मुख्यमंत्री ने दीनदयाल गो विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र का भ्रमण भी किया।

वहां उन्होंने गाय के गोबर और गोमूत्र से तैयार किए जा रहे विभिन्न जैविक उत्पादों का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री के आगमन पर स्थानीय भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। योगी आदित्यनाथ सरकार गो संरक्षण और संवर्धन की दिशा में लगातार काम कर रही है, जिसकी स्पष्ट झलक इस गोपाष्टमी महोत्सव में भी देखने को मिली।

बाद में एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा , ‘‘ रमेश बाबा ने हम सभी को समृद्ध विरासत सौंपी है। उनके जीवन का उद्देश्य लोककल्याण, गोसेवा, गोरक्षा, गोसंरक्षण एवं गोसंवर्धन था। वह स्वयं भले अभाव में रहे, लेकिन अपने हर कार्य को लोककल्याण को समर्पित करते हुए पूरा जीवन लगा दिया।

हम सभी को इसे पूरा करने के लिए निरंतर प्रयत्न करना होगा। ’’ योगी आदित्यनाथ ने आध्यात्मिक गुरु, माताजी गोशाला के संस्थापक, ब्रह्मलीन संत ‘पद्मश्री’ रमेश बाबा को श्रद्धांजलि दी। बरसाना स्थित मान माता गोशाला में मुख्यमंत्री ने मंगलवार को रमेश बाबा के चित्र पर पुष्प चढ़ाये।

मुख्यमंत्री ने 12 यूनिट वाले मुफ्त डायलिसिस केंद्र का भी आरंभ किया। योगी आदित्यनाथ ने भारत की सनातन संस्कृति को ऋषि एवं कृषि प्रधान करार देते हुए रमेश बाबा के अनुयायियों एवं शिष्यों से उनके संकल्पों को पूरा करने का आह्वान किया और सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने भारतीय संस्कृति एवं ऋषि परंपरा का जिक्र करते हुए गो को माता बताया।

उन्होंने कहा कि 9-10 वर्ष पहले जब यहां आया था तब भी देखा-ट्रस्ट के माध्यम से हजारों गायों की देखभाल होती थी। उन्होंने कहा कि रमेश बाबा ने उस समय कुछ प्रकल्पों की चर्चा की थी, जो आज भी यहां लागू हैं। श्रद्धांजलि समारोह में कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, तिजारा के विधायक बालक नाथ आदि मौजूद रहे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़