US Ambassador Sergio Gor ने मणिपुर की Loktak Lake में किया नौका विहार

US Ambassador Sergio Gor ने मणिपुर की Loktak Lake में किया नौका विहार
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने अपने दो दिवसीय मणिपुर दौरे के दौरान बिष्णुपुर जिले में स्थित प्रसिद्ध लोकटक झील का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने राज्य के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला और मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह से अलग-अलग मुलाकात कर द्विपक्षीय संबंधों और आर्थिक सहयोग पर चर्चा की। राजदूत ने कांगला किला और ख्वाइरामबंद कैथल बाजार का भी दौरा किया।

भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने मणिपुर की अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान बिष्णुपुर जिले में स्थित मीठे पानी की पूर्वोत्तर की सबसे बड़ी झील लोकटक में शनिवार को नौका विहार किया। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी। गोर कोलकाता में अमेरिकी महावाणिज्यदूत कैथी जाइल्स-डियाज के साथ शुक्रवार को मणिपुर की राजधानी इंफाल पहुंचे थे।

अधिकारी ने कहा, ‘‘अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने लोकटक झील का दौरा किया और वहां नौका विहार किया।’’ गोर ने शुक्रवार शाम मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला और मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह से अलग-अलग मुलाकात की थी। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से मिलने का अवसर मिला। हमने अमेरिका और भारत के बीच निरंतर संपर्क के महत्व पर चर्चा की।’’ अमेरिकी राजदूत ने एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि मणिपुर को लेकर मुख्यमंत्री के दृष्टिकोण के बारे में जानकर उन्हें अच्छा लगा।

गोर ने कहा, ‘‘हमने इस बारे में विचारों का आदान-प्रदान किया कि अमेरिका और भारत आर्थिक संबंधों को बढ़ाने के लिए किस तरह मिलकर काम कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने मुझे मणिपुर संगाई महोत्सव में फिर से आने का निमंत्रण भी दिया।’’ गोर ने अपनी यात्रा के पहले दिन शुक्रवार को पूर्ववर्ती मणिपुर साम्राज्य की प्राचीन राजधानी कांगला किले का दौरा किया। इसके साथ ही वह महिलाओं द्वारा संचालित प्रसिद्ध बाजार ‘ख्वाइरामबंद कैथल’ भी गए।

All the updates here:

अन्य न्यूज़