उत्तराखंड: जौलजीबी मेले में मंच पर तोड़फोड़ के आरोप में Congress MLA Harish Dhami पर केस दर्ज

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

पिथौरागढ़ जिले के जौलजीबी मेले में मुख्यमंत्री के जाने के बाद मंच पर कुर्सियां और माइक फेंकने के आरोप में धारचूला विधायक हरीश धामी और पांच अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। विधायक का आरोप है कि उन्हें जनता के मुद्दे नहीं उठाने दिए गए और उनका माइक बंद कर दिया गया। घटना के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में बोलने का मौका नहीं मिलने से कथित तौर पर नाराज कांग्रेस विधायक हरीश धामी द्वारा मंच पर तोड़फोड़ करने के आरोप में उनके खिलाफ रविवार को मामला दर्ज किया गया। इस घटना को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग भी छिड़ गई। धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने शनिवार को भारत-तिब्बत सीमा पर जौलजीबी मेले का उद्घाटन करने के लिए पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सामने बोलने की अनुमति न दिए जाने से नाराज होकर मंच पर तोड़-फोड़ की थी।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी ने अपना जनाधार खो दिया है, जिसके कारण उसके नेता ‘‘मानसिक संतुलन खो रहे हैं।’’ वहीं, विधायक हरीश धामी ने मुख्यमंत्री को ‘‘डरपोक’’ बताते हुए उन पर लोगों की आवाज दबाने का आरोप लगाया और भाजपा नेता को उनके खिलाफ चुनाव लड़ने की चुनौती दी। कांग्रेस ने कहा कि वह ‘‘अपने जनप्रतिनिधियों के सम्मान और जनता के अधिकारों की लड़ाई में अपने विधायक के साथ मजबूती से खड़ी है’’। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रशासन के जरिए विपक्षी जनप्रतिनिधियों का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

शनिवार को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल से चले जाने के बाद विधायक हरीश धामी ने कथित तौर पर मंच पर रखे माइक्रोफोन और कुर्सियां फेंक दी थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब वह बोल रहे थे, तब उनका माइक बंद कर दिया गया। जौलजीबी थाने के अधिकारी हरेंद्र सिंह नेगी की शिकायत पर शनिवार को जौलजीबी मेले के उद्घाटन मंच में तोड़फोड़ करने के आरोप में धारचूला के विधायक और पांच अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

नेगी के अनुसार, प्राथमिकी भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 121 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), धारा 132 (लोक सेवक को उसके कर्तव्य के निर्वहन से रोकना), धारा 191(2) (बलवा करना), धारा 324(2) (संपत्ति को नुकसान पहुंचाना) और धारा 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना) के तहत दर्ज की गई है। घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए पुष्कर सिंह धामी ने कहा, ‘‘कांग्रेस ने हर क्षेत्र में अराजकता की सारी हदें पार कर दी हैं। यह घटना भी इस बात का उदाहरण है कि आने वाले दिनों में जनता उसे पूरी तरह नकारने वाली है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी ने अपना जनाधार खो दिया है, जिसके कारण उसके नेता मानसिक संतुलन खो रहे हैं।’’ इसके जवाब में कांग्रेस विधायक ने कहा, ‘‘अब तक लोग सुनते आए थे कि मुख्यमंत्री ‘धाकड़ धामी’ हैं, लेकिन वह ‘डरपोक धामी’ हैं।’’ विधायक हरीश धामी ने शनिवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि वह सरकार के सामने दो मुद्दे उठाना चाहते थे, जिनमें दो दिन पहले क्षेत्र में आठ वर्षीय बच्ची की मौत और कनार में सड़क संपर्क से जुड़ी समस्याएं शामिल थीं।

उन्होंने कहा कि यह ‘‘बेहद दुर्भाग्यपूर्ण’’ है कि जौलजीबी मेले में अपने ही विधानसभा क्षेत्र के लोगों की समस्याएं मंच से उठाने के लिए एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि को मौका नहीं दिया गया। इस बीच, रविवार को धारचूला में भाजपा कार्यकर्ताओं ने हरीश धामी के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने विधायक का पुतला जलाया और उनके खिलाफ नारेबाजी की।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, ‘‘कांग्रेस की असली चाल, चरित्र और चेहरा एक बार फिर जनता के सामने उजागर हो गया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अगर विधायक को कोई शिकायत या नाराजगी थी, तब भी सार्वजनिक जीवन में इस तरह की अभद्र भाषा और अनुचित आचरण की कोई जगह नहीं है। भाजपा की पुरजोर मांग है कि कांग्रेस पार्टी अपने विधायक के इस शर्मनाक व्यवहार के लिए तत्काल सार्वजनिक रूप से माफी मांगे।’’ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोदियाल ने पार्टी विधायक हरीश धामी के गुस्से को जायज ठहराया। गोदियाल ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री धामी जी ने अलोकतांत्रिक रवैया अपनाया।

अपने ही विधानसभा क्षेत्र के एक ऐतिहासिक कार्यक्रम में निर्वाचित स्थानीय जनप्रतिनिधि को मंच से बोलने का मौका नहीं देना और उनका माइक बंद करवा देना पूरी तरह अलोकतांत्रिक और निंदनीय कृत्य है।’’ उन्होंने कहा कि प्रोटोकॉल का उल्लंघन विधायक का अपमान है और साथ ही वहां की जनता का भी अपमान है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़