Uttarakhand High Court के रिटायर्ड जजों को भी मिलेंगी प्रोटोकॉल और मेडिकल सुविधाएं

Uttarakhand High Court के रिटायर्ड जजों को भी मिलेंगी प्रोटोकॉल और मेडिकल सुविधाएं
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने पूर्व मुख्य न्यायाधीशों और पूर्व न्यायाधीशों के लिए प्रोटोकॉल, यात्रा, चिकित्सा और ठहरने की व्यवस्था को लेकर विस्तृत दिशानिर्देश जारी किए हैं। 17 नवंबर से प्रभावी इन नियमों का लाभ उनके जीवनसाथी और परिजनों को भी प्राप्त होगा। दिशानिर्देशों के अमल के लिए प्रत्येक जिले में नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं।

उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने पूर्व मुख्य न्यायाधीशों और पूर्व न्यायाधीशों को प्रोटोकॉल, चिकित्सा, परिवहन और अतिथि गृहों में ठहरने की सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विस्तृत दिशानिर्देश जारी किए हैं। सत्रह नवंबर, 2026 के कार्यालय ज्ञापन के माध्यम से जारी किए गये ये दिशानिर्देश तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं। इन सुविधाओं का लाभ पूर्व न्यायाधीशों के जीवनसाथी और परिवार के सदस्यों को भी मिलेगा।

नये दिशानिर्देशों के तहत उत्तराखंड और नयी दिल्ली के हवाई अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर पूर्व न्यायाधीशों के आगमन और प्रस्थान के समय प्रोटोकॉल अधिकारी उनकी अगवानी करने और उन्हें विदा करने के लिए मौजूद रहेंगे। इसके अलावा, पूर्व न्यायाधीशों को सामान लाने-ले जाने, परिवहन की व्यवस्था करने, विमान और रेल टिकटों की बुकिंग एवं उनकी पुष्टि कराने तथा हवाई अड्डों में प्रवेश के लिए पास हासिल करने में भी मदद दी जाएगी। पूर्व न्यायाधीशों के अन्य राज्यों में जाने की स्थिति में उनके यात्रा कार्यक्रम की जानकारी संबंधित राज्य सरकारों और उच्च न्यायालयों को दी जाएगी, ताकि प्रोटोकॉल संबंधी व्यवस्था और अतिथि गृहों में उनके ठहरने का इंतजाम किया जा सके।

दिशानिर्देशों के अनुसार, विदेश यात्रा की स्थिति में संबंधित भारतीय राजनयिक मिशन को भी सूचित किया जाएगा। ये सुविधाएं उन पूर्व न्यायाधीशों को भी उपलब्ध होंगी जो आयोगों और न्यायाधिकरणों में अध्यक्ष या सदस्य के रूप में कार्यरत हैं। पूर्व न्यायाधीशों को उत्तराखंड और नयी दिल्ली में चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं।

दिशानिर्देशों का प्रभावी कार्यान्वयन सुनिश्चित करने के लिए उच्च न्यायालय ने राज्य के प्रत्येक जिले में नोडल अधिकारी नामित किए हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़