केरल में Ayurvedic Treatment कराने पर VD Satheesan ने Pawan Kalyan का जताया आभार

आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण के केरल में आयुर्वेदिक उपचार कराने और मंदिरों के दर्शन करने पर राज्य सरकार की ओर से आभार व्यक्त किया गया है। सोशल मीडिया पर उनके पोस्ट का जवाब देते हुए केरल के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने उनके पूर्ण स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
केरलम के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने आयुर्वेदिक उपचार कराने के लिए राज्य को तरजीह देने पर आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण का रविवार को आभार जताया और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। सतीशन ने कल्याण की ओर से सोशल मीडिया मंच एक्स पर किए गए पोस्ट के जवाब में कहा कि यह जानकर खुशी हुई कि केरलम के लोगों के स्नेह और राज्य के प्राचीन मंदिरों के दर्शन से उन्हें शांति और स्वास्थ्य लाभ मिला। सतीशन ने एक्स पर लिखा, पवन कल्याण, आपके सराहना भरे शब्दों और आराम तथा स्वास्थ्य लाभ के लिए केरलम को चुनने के लिए धन्यवाद।
यह जानकर खुशी हुई कि हमारे लोगों के स्नेह और हमारे प्राचीन मंदिरों के दर्शन से आपको शांति और स्वास्थ्य लाभ मिला। उन्होंने कहा, ‘‘ केरलम सरकार और उसके लोगों की ओर से, मैं आपके पूरी तरह ठीक होने और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं। कल्याण ने एक दिन पहले एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा था कि उपचार के लिए राज्य में रहने के दौरान उन्हें ‘‘केरलम के लोगों के स्नेह, दयालुता और आतिथ्य का अनुभव करने का अवसर मिला।
उन्होंने कहा था, मेरा प्रवास उपचार, शांति और कई यादगार अनुभवों से भरा रहा... केरलम में रहने के दौरान मुझे त्रिप्रयार श्री राम स्वामी, गुरुवायूर श्री कृष्ण, मम्मियूर श्री महादेव और चेट्टिकुलंगरा श्री भगवती अम्मा मंदिरों के दर्शन का सौभाग्य मिला। आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ने अपने प्रवास के दौरान मिले सहयोग के लिए सतीशन और राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया था। आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अपने दाहिने कंधे के आयुर्वेदिक इलाज के लिए केरल में थे।
इससे पहले मुंबई में उनके रोटेटर कफ (कंधे की मांसपेशियों और टेंडन) की सर्जरी हुई थी।
अन्य न्यूज़













