संविधान के लिए लड़ेंगे, मोदी सरकार की तानाशाही के खिलाफ लड़ेंगे: प्रियंका

will-fight-for-constitution-will-fight-against-dictatorship-of-modi-government-says-priyanka
[email protected] । Dec 17 2019 8:51AM

प्रियंका ने कहा कि प्रधानमंत्री जी, जो महिलाओं पर रोज-रोज अत्याचार हो रहा है, उस पर बोलें, रोजगार पर बोलें। जो कल यहां विश्वविद्यालय में हुआ, इस पर बोलें। उन बच्चों को किसकी सरकार और पुलिस ने पीटा? इन चीजों पर बोलें प्रधानमंत्री जी। जो डूबती हुई अर्थव्यवस्था है, इस पर बोलें प्रधानमंत्री जी।

नयी दिल्ली। विवादित संशोधित नागरिकता कानून के विरोध में प्रदर्शन कर रहे जामिया मिल्लिया इस्लामिया और देश के अन्य विश्वविद्यालयों के छात्रों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में पार्टी नेता सोमवार को यहां इंडिया गेट पर धरने पर बैठ गए और आरोप लगाया कि इस संशोधित कानून की मंशा संविधान को तबाह करना है। शाम चार से छह बजे तक चले ‘मूक प्रदर्शन’ के बाद, कांग्रेस महासचिव ने नागरिकता कानून को लेकर मोदी सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि रविवार को जामिया मिल्लिया इस्लामिया के विद्यार्थियों पर पुलिस की कार्रवाई ‘भारत की आत्मा पर हमला’ है। उन्होंने कहा, ‘‘जब सरकार इस तरह से विश्वविद्यालय के अंदर घुसकर छात्रों पर वार करती है तो पूरे देश को चोट पहुंचती है। मैं मां हूं, ये बच्चे मेरे बच्चों की उम्र के हैं।’’ उन्होंने कहा कि संशोधित नागरिकता कानून भारत के संविधान के खिलाफ है और यह संविधान को ‘तबाह’ करने के लिए लाया गया है।

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘ भाजपा सरकार ने संविधान पर हमला किया। इसने छात्रों पर हमला किया। यह भारत की आत्मा पर हमला है। युवा देश की आत्मा है। नौजवान देश की आत्मा हैं, उनकों प्रदर्शन करने का अधिकार है, आवाज उठाने का हक है, ये हक उनको संविधान ने दिया है।’’ उन्होंने कहा कि युवा विश्वविद्यालय में पढ़ने के लिए जाते हैं, शिक्षा लेने के लिए जाते हैं, आप इनके पुस्तकालय में घुसकर उन्हें पीटते हैं, उन्हें वहां से घसीटते है। हमारा देश एक लोकतांत्रिक देश है, यह तानाशाही नहीं चलेगी।’’ कांग्रेस नेता ने धरने के बाद संशोधित नागरिकता कानून के बारे में पत्रकारों से कहा, ‘‘ यह पूरी तरह से संविधान के खिलाफ है और यह संविधान की भावना को नष्ट करने का तरीका है। हर भारतीय को इसके खिलाफ लड़ना चाहिए।’’ उन्होंने कहा ‘‘ कांग्रेस पार्टी का एक-एक नेता, एक-एक कार्यकर्ता संविधान के लिए लड़ेगा, मोदी सरकार की तानाशाही के खिलाफ लड़ेगा, जवाब मांगेगा और छात्र-छात्राओं के साथ खड़ा रहेगा।’’

इसे भी पढ़ें: निर्भया की 7वीं बरसी पर स्वाति मालिवाल ने देश के नागरिकों के नाम लिखा खुला खत

प्रधानमंत्री के वक्तव्य से संबंधित एक प्रश्न के उत्तर में प्रियंका ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री जी, जो महिलाओं पर रोज-रोज अत्याचार हो रहा है, उस पर बोलें, रोजगार पर बोलें। जो कल यहां विश्वविद्यालय में हुआ, इस पर बोलें। उन बच्चों को किसकी सरकार और पुलिस ने पीटा? इन चीजों पर बोलें प्रधानमंत्री जी। जो डूबती हुई अर्थव्यवस्था है, इस पर बोलें प्रधानमंत्री जी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम सबको एकजुट होकर इस सरकार के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए, क्योंकि ये सरकार अन्याय कर रही है।’’ उन्नाव बलात्कार मामले में भाजपा विधायक कुलदीप सेंगर को दोषी करार दिए जाने के अदालत के फैसले पर पूछे एक अन्य प्रश्न के उत्तर में प्रियंका ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री जी, आज तक उसके बारे में क्यों नहीं बोले हैं? उनकी पार्टी के विधायक ने एक मासूम लड़की का बलात्कार किया, उसके बारे में प्रधानमंत्री जी आज तक चुप क्यों हैं?’’ कांग्रेस महासचिव ने कहा, ‘‘आज विजय दिवस है, आज बांग्लादेश की जंग में हमें विजय मिली थी। तमाम सैनिक जो शहीद हुए, उनको आज फिर हम सम्मान से याद करते हैं। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘उनकी शहादत इस लोकतंत्र के लिए हुई, इस संविधान के लिए हुई, इस देश के लिए हुई, ये हमारा देश है, आपका देश है, उन बच्चों का देश है, जिनको आपने कल पीटा, उन महिलाओं का देश है, जिन पर अत्याचार होता है, इसीलिए हमें मिलकर संविधान पर होने वाले हर हमले के खिलाफ लड़ना है।’’

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़