कर्नाटक में लव जिहाद के खिलाफ कानून बनाएगी येदियुरप्पा सरकार, दिए यह संकेत

BS Yeddyurappa

मंगलुरु में भाजपा की राज्य कार्यकारिणी की सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने कहा कि उनकी सरकार ऐसी गतिविधियों के खिलाफ कड़े कदम उठाने पर विचार कर रही है।

बेंगलुरु। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने बृहस्पतिवार को कहा कि सरकार लव जिहाद के नाम पर धर्मांतरण पर लगाम लगाने के लिये कड़े कदम उठाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में कर्नाटक में लव जिहाद के नाम पर धर्मांतरण की खबरें आई हैं। मैंने इस बारे में अधिकारियों से बात की है। दूसरे राज्य क्या कर रहे हैं या क्या नहीं कर रहे, यह अलग बात है। लेकिन कर्नाटक में इस पर लगाम लगाई जाएगी। मंगलुरु में भाजपा की राज्य कार्यकारिणी की सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ऐसी गतिविधियों के खिलाफ कड़े कदम उठाने पर विचार कर रही है। 

इसे भी पढ़ें: गिरिराज सिंह का बड़ा बयान, कहा- बिहार में भी बने लव जिहाद के खिलाफ कानून 

उन्होंने कहा कि राज्य की युवा लड़कियों का प्यार और पैसे के नाम पर बहला-फुसलाकर धर्मातंरण किया जा रहा है। हमने इस पर गंभीरता से विचार किया है। काफी-विचार विमर्श के बाद, हम कड़ा कदम उठाएंगे। इससे पहले कर्नाटक के गृह मंत्री बासवराज बोम्मई ने बुधवार को कहा था कि सरकार शादी के लिये धर्मांतरण को रोकने को लेकर कानून लाने पर विचार कर रही है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सी टी रवि ने भी हाल ही में ट्वीट किया था कि इलाहबाद उच्च न्यायालय के आदेश को ध्यान में रखते हुए कर्नाटक में शादी के लिये धर्मांतरण को रोकने को लेकर कानून लाया जाएगा। इलाहबाद उच्च न्यायालय ने हाल ही में एक मामले की सुनवाई के दौरान कहा था कि शादी करने के लिये धर्मांतरण किया जाना वैध नहीं है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़