Lala Lajpat Rai Death Anniversary: लाला लाजपत राय के बुलंद तेवरों ने उड़ा दी थी ब्रिटिश हुकूमत की नींद, जानिए पंजाब केसरी की शौर्यगाथा

आज ही के दिन यानी की 17 नवंबर को महान क्रांतिकारी और स्वतंत्रता सेनानी लाला लाजपत राय का निधन हो गया था। उन्होंने देश की आजादी की लड़ाई को न सिर्फ नई धार देने का काम किया, बल्कि अपने संघर्ष और बलिदान से कई पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित किया।
महान क्रांतिकारी और स्वतंत्रता सेनानी लाला लाजपत राय का 17 नवंबर को निधन हो गया था। मातृभूमि को गुलामी की बेड़ियों से मुक्त कराने में लाला लाजपत राय ने अहम भूमिका निभाई थी। उनके बुलंद तेवर, ओजस्वी विचार और बेखौफ नेतृत्व ने अंग्रेजी हुकूमत की नींद उड़ा दी थी। उन्होंने देश की आजादी की लड़ाई को न सिर्फ नई धार देने का काम किया, बल्कि अपने संघर्ष और बलिदान से कई पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित किया। तो आइए जानते हैं उनकी डेथ एनिवर्सरी के मौके पर लाला लाजपत राय के जीवन से जुड़ी कुछ रोचक बातों के बारे में...
जन्म और परिवार
पंजाब के धुड़ीके गांव में लाला लाजपत राय का जन्म हुआ था। इनके पिता का नाम मुंशी राधाकृष्ण आजाद और मां का नाम गुलाब देवी था। वह बचपन से ही पढ़ाई, समाजसेवा और देश के प्रति समर्पण की भावना रखते थे। लाला लाजपत राय ने कानून की पढ़ाई की और वकालत के पेशे से जुड़ गए। लेकिन सामाजिक असमानता, गुलामी और भारतीयों के साथ होने वाले भेदभाव ने लाला लाजपत राय को सार्वजनिक जीवन में उतरने के लिए प्रेरित किया।
लाला-बाल-पाल की तिकड़ी
भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में लाला लाजपत राय का नाम बिपिन चंद्र पाल और बाल गंगाधर तिलक के साथ लिया जाता है। इन तीनों नेताओं की जोड़ी को 'लाल-बाल-पाल' के नाम से जाना जाता है। 'लाल-बाल-पाल' की तिकड़ी ने देश में राष्ट्रीय शिक्षा, स्वदेशी और ब्रिटिश शासन के विरोध लोगों की भावना को मजबूत किया। लाजपत राय का मानना था कि भारतीयों को अपने अधिकारों के लिए खुद संघर्ष करना होगा।
लाला लाजपत राय ने न सिर्फ अपने भाषणों के जरिए बल्कि संगठन, जनआंदोलन और लेखन के जरिए भी देश की स्वतंत्रता की अलख जगाई। उन्होंने समाज-सुधार, शिक्षा और राष्ट्रीय विचारों को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई थी। लाला लाजपत राय आर्य समाज से भी प्रभावित थे और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए काम करते रहे।
साइमन कमीशन का विरोध
ब्रिटिश सरकार ने साल 1928 में भारत में संवैधानिक सुधारों की समीक्षा के लिए साइमन कमीशन भेजा। इस आयोग में एक भी भारतीय सदस्य के शामिल न होने पर भारतीयों ने इसको अपना अपमान समझा। जिसके बाद पूरे देश में साइमन कमीशन का विरोध शुरू हो गया। वहीं 30 अक्टूबर 1928 को साइमन कमीशन लाहौर पहुंचा, तो लाला लाजपत राय के नेतृत्व में हजारों की संख्या में लोगों ने इसका शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन किया।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों के हाथ में काले झंडे थे और वह 'साइमन गो बैक' के नारे लगा रहे थे। तभी ब्रिटिश पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठी बरसानी शुरूकर दीं। यह लाठीचार्ज पुलिस अधिकारी जेम्स ए. स्कॉट के आदेश पर हुआ था, जिसमें लाला लाजपत राय बुरी तरह से घायल हो गए थे।
मृत्यु
वहीं लाठीचार्ज में आई चोटों के कारण 17 नवंबर 1928 को लाला लाजपत राय का निधन हो गया था।
अन्य न्यूज़













