Long Distance Friendship: अलग शहर में रहने वाले दोस्त से ऐसे बनाए रखें मजबूत रिश्ता

व्यस्तता और दूरी के बावजूद कुछ आसान तरीकों से लॉन्ग डिस्टेंस फ्रेंडशिप को मजबूत रखा जा सकता है। इसके लिए रोज बात करने के दबाव के बजाय क्वालिटी टाइम और डिजिटल हैंगआउट को महत्व दें। साथ ही एक दूसरे की व्यस्तताओं को समझते हुए स्पेस देना और व्यक्तिगत मुलाकातें करना रिश्ते में गर्माहट बनाए रखता है।
बचपन और कॉलेज के दिनों में दोस्तों से मिलना काफी आसान होता था। लेकिन जैसे-जैसे जिंदगी आगे बढ़ती है, नौकरी, शादी, परिवार और दूसरी जिम्मेदारियां बढ़ जाती हैं। कई बार दोस्त भी अलग-अलग शहरों में रहने लगते हैं। ऐसे में जिस दोस्त से कभी रोज मुलाकात होती थी, उससे बात करने के लिए भी समय निकालना मुश्किल हो जाता है।
अगर आपका बेस्ट फ्रेंड भी आपसे दूर किसी दूसरे शहर में रहता है, तो इसका मतलब यह नहीं कि आपकी दोस्ती भी दूर हो जाए। कुछ छोटी-छोटी कोशिशों से लॉन्ग डिस्टेंस फ्रेंडशिप को आज भी मजबूत रखा जा सकता है। आइए जानते हैं कैसे।
क्वालिटी टाइम को दें ज्यादा महत्व
नौकरी और दूसरी जिम्मेदारियों के बीच हर दिन घंटों बात करना संभव नहीं होता। इसलिए खुद पर रोज बात करने का दबाव न बनाएं। हफ्ते में एक दिन 15-20 मिनट भी खुलकर बात कर लेना काफी हो सकता है। इससे आप दोनों एक-दूसरे का हाल जान पाएंगे और रोज बात न कर पाने की चिंता भी नहीं होगी।
इसे भी पढ़ें: Long Distance Relationship में बढ़ रही हैं दूरियां? नजदीकियां बढ़ाने में मदद कर सकता है Phone Sex
रोजमर्रा की छोटी बातें भी करें शेयर
कई लोग सोचते हैं कि कोई बड़ी बात होगी, तभी दोस्त को फोन या मैसेज करेंगे। लेकिन दोस्ती सिर्फ बड़ी खबरों तक सीमित नहीं होनी चाहिए। अगर दिन में कुछ मजेदार हुआ, कोई फनी फोटो दिखी या कोई पुरानी याद अचानक याद आ गई, तो उसे अपने दोस्त के साथ शेयर करें। कभी कोई मजेदार वीडियो भेज दें या छोटा सा वॉइस नोट कर दें। ऐसी छोटी चीजें दूर रहने के बावजूद दोस्ती में वही पुरानी गर्माहट बनाए रखती हैं।
डिजिटल हैंगआउट करें प्लान
हर बार सिर्फ फोन पर बात करना थोड़ा बोरिंग हो सकता है। ऐसे में ऑनलाइन साथ समय बिताने के नए तरीके खोजें। आप दोनों मूवी नाइट प्लान कर सकते हैं, लूडो या चेस जैसे ऑनलाइन गेम खेल सकते हैं या वीडियो कॉल पर बैठकर पुरानी तस्वीरें और यादें शेयर कर सकते हैं। इस तरह की छोटी एक्टिविटीज लॉन्ग डिस्टेंस फ्रेंडशिप को मजेदार बनाए रखती हैं।
इसे भी पढ़ें: Marriage से पहले Partner के साथ कम्पेटिबिलिटी परखने के लिए Relationship Coach ने दी ये सलाह
दोस्त से ज्यादा उम्मीदें न रखें
एडल्ट फ्रेंडशिप में एक-दूसरे की जिंदगी और जिम्मेदारियों को समझना बहुत जरूरी है। अगर दोस्त आपके मैसेज का तुरंत जवाब नहीं दे रहा है, तो इसे पर्सनली न लें। हो सकता है वह काम या किसी दूसरी जिम्मेदारी में व्यस्त हो। हर मैसेज का तुरंत रिप्लाई या रोज फोन करने की उम्मीद रखने के बजाय एक-दूसरे को स्पेस दें। मजबूत दोस्ती में भरोसा और समझ बहुत जरूरी होती है।
जब मिलें तो उस समय को बनाएं खास
दूर रहने वाले दोस्तों के साथ कुछ महीनों में एक बार मिलने की कोशिश जरूर करें। आप साथ में किसी ट्रिप पर जा सकते हैं या एक-दूसरे के घर जाकर कुछ दिन बिता सकते हैं। मुलाकात के दौरान मूवी, डिनर या कोई फन एक्टिविटी प्लान करें। चाहें तो पुराने दोस्तों के साथ भी मिलने का प्लान बनाया जा सकता है। साथ बिताया गया यह क्वालिटी टाइम दोस्ती को फिर से उसी पुराने अंदाज में ले आता है।
आखिर में, दूरी चाहे कितनी भी हो, अगर दोस्ती में भरोसा, समझ और थोड़ी सी कोशिश बनी रहे तो रिश्ते को मजबूत रखा जा सकता है।
अन्य न्यूज़














