Jyothi Yarraji और Praveen Chithravel की चोट पर AFI मांगेगा निजी संस्थानों से जवाब

एशियाई खेलों में धाविका ज्योति याराजी और त्रिकूद खिलाड़ी प्रवीण चित्रावेल के चोट के कारण स्पर्धाओं से हटने के बाद भारतीय एथलेटिक्स महासंघ निजी अकादमियों से स्पष्टीकरण मांगने की तैयारी में है। दोनों खिलाड़ी अंतिम समय में फिटनेस मंजूरी मिलने के बाद भारतीय टीम में शामिल हुए थे। ज्योति वार्म-अप के दौरान दर्द के कारण और प्रवीण त्रिकूद में पहला प्रयास अधूरा रहने के बाद बाहर हुए।
... फिलेम दीपक सिंह ... नागोया, 26 सितंबर एशियाई खेलों में 100 मीटर बाधा दौड़ की धाविका ज्योति याराजी और त्रिकूद खिलाड़ी प्रवीण चित्रावेल के शनिवार को अपनी-अपनी स्पर्धाओं से हटने के बाद भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) उन निजी संस्थाओं और प्रशिक्षकों से स्पष्टीकरण मांग सकता है, जिनके मार्गदर्शन में दोनों खिलाड़ी फिलहाल प्रशिक्षण ले रहे हैं। सूत्रों के अनुसार एएफआई चोटों से जुड़े मामलों में जवाब मांगेगा। राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी ज्योति और प्रवीण को अंतिम समय में फिटनेस मंजूरी मिलने के बाद 75 सदस्यीय भारतीय एथलेटिक्स टीम में शामिल किया गया था।
इससे पहले दोनों ने 10 सितंबर को नयी दिल्ली में हुई इंडियन एथलेटिक्स सीरीज फाइनल में हिस्सा नहीं लिया था। ज्योति घुटने में चोट और प्रवीण पिंडली की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण प्रतियोगिता से दूर रहे थे। उस समय दोनों ने अपनी चोटों को मामूली बताया था।
एक आधिकारिक सूत्र ने पीटीआई को बताया, ‘‘ एएफआई चोट से जुड़े मामलों को लेकर उन निजी संस्थानों और प्रशिक्षकों से जवाब जरूर मांगेगा, जिनके साथ दोनों खिलाड़ी फिलहाल प्रशिक्षण ले रहे हैं।’’ बारिश से प्रभावित मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में ज्योति महिला 100 मीटर बाधा दौड़ की हीट से पहले वार्म-अप के दौरान दर्द महसूस कारण प्रतियोगिता से हट गयी। एक अधिकारी ने बताया कि पूरी तरह वार्म-अप करने के बाद उन्हें दर्द महसूस हुआ। ज्योति ने जुलाई 2025 में दाहिने घुटने में ‘एसीएल (एंटीरियर क्रूसिएट लिगामेंट)’ की चोट की सर्जरी के बाद इसी वर्ष वापसी की थी।
वहीं, प्रवीण ने त्रिकूद में अपना पहला प्रयास शुरू किया लेकिन उसे पूरा नहीं कर सके। वह पिंडली पकड़कर दर्द में प्रतियोगिता क्षेत्र से बाहर चले गए और बाद में उन्हें व्हीलचेयर से आयोजन स्थल से ले जाया गया। भारतीय टीम के एक कोच ने कहा कि चोट के कारण उन्हें प्रतियोगिता छोड़नी पड़ी।
ज्योति ने चीन में हुए पिछले एशियाई खेलों में रजत, जबकि प्रवीण ने कांस्य पदक जीता था।
अन्य न्यूज़













